स्वतंत्रता दिवस पर चंबा को मिली नई सौगातें, उपमुख्यमंत्री ने की 25 बसें देने की घोषणा

स्वतंत्रता दिवस पर चंबा को मिली नई सौगातें, उपमुख्यमंत्री ने की 25 बसें देने की घोषणा
चंबा, 15 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा आकर्षक मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने चंबा जिले के लिए 15 नई इलेक्ट्रिक और 10 डीजल बसें उपलब्ध करवाने की घोषणा करते हुए कहा कि क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाया जाएगा।उपमुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा में इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुविधाजनक और पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा एचआरटीसी के बेड़े में चरणबद्ध तरीके से 1,000 इलेक्ट्रिक बसें शामिल की जाएंगी।अपने संबोधन में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के अधिकारों की लड़ाई का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब पुनर्गठन कानून के तहत प्रदेश के 7.19 प्रतिशत हिस्से के अधिकारों का मामला सर्वोच्च न्यायालय में निर्णायक चरण में है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि न्यायालय का फैसला हिमाचल के हित में आएगा और प्रदेश को उसका उचित अधिकार प्राप्त होगा।मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को कम करने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चंबा को सड़क सुरक्षा के लिए पायलट जिला बनाया गया है। इस योजना के तहत 5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे और डेटा आधारित सुरक्षा उपाय अपनाकर दुर्घटनाओं तथा मृत्यु दर में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार कर्मचारियों और पेंशनरों के हितों के संरक्षण के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

सरकार द्वारा पुरानी पेंशन योजना बहाल किए जाने से 1.36 लाख कर्मचारियों को लाभ मिला है, जबकि निगमों और बोर्डों के शेष कर्मचारियों को भी इसका लाभ देने के प्रयास जारी हैं।उपमुख्यमंत्री ने बताया कि चंबा-चुवाड़ी के बीच लगभग 4,594 करोड़ रुपये की लागत से 14.816 किलोमीटर लंबी सुरंग प्रस्तावित है, जिससे दोनों स्थानों के बीच दूरी करीब 26 किलोमीटर कम हो जाएगी। उन्होंने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए विकास, सामाजिक न्याय और नशामुक्त हिमाचल के निर्माण में सहयोग का आह्वान किया। समारोह में पूर्व मंत्री आशा कुमारी, ठाकुर सिंह भरमौरी, विधायक नीरज नैयर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
