चिट्टे को लेकर स्थानीय प्रशासन सख्त, नशा विरोधी अभियान को प्रभावी बनाने हेतू दिया जाएगा जोर :-एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज

डलहौजी/चम्बा 21 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज की अध्यक्षता में आज बनीखेत विश्राम गृह में उपमंडलीय नशा निवारण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में क्षेत्र में अत्यंत घातक मादक पदार्थ चिट्टे के बढ़ते प्रचलन और इसके दुष्प्रभावों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान नशे के प्रसार पर प्रभावी रोक लगाने के साथ-साथ युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने के लिए विभिन्न स्तरों पर किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा भी की गई।बैठक में अधिकारियों और समिति के सदस्यों ने कहा कि नशे की बढ़ती प्रवृत्ति समाज के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।

विशेषकर युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए जागरूकता गतिविधियों को व्यापक स्तर पर संचालित करने की आवश्यकता है। इस दिशा में स्कूलों, शिक्षण संस्थानों, पंचायत स्तर तथा अन्य सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने और लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देने पर जोर दिया गया।बैठक में आमजन को नशे के खिलाफ जागरूक करने तथा विभिन्न माध्यमों से नशा विरोधी अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने की रणनीति पर भी विचार-विमर्श किया गया। समिति ने नशे के खिलाफ सामूहिक प्रयासों को और मजबूत करने पर विशेष बल दिया।

एसडीएम अनिल भारद्वाज ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल प्रशासन या पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने पुलिस, प्रशासन, विभिन्न विभागों और स्थानीय स्तर पर कार्यरत सामाजिक संस्थाओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि नशे के प्रसार को रोकने के लिए प्रभावी एवं समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।बैठक में युवाओं को नशे से दूर रखने, अभिभावकों एवं आमजन की भागीदारी बढ़ाने और नशा विरोधी संदेश को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाने को लेकर भी चर्चा हुई। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
