चंबा के ऐतिहासिक चौगान में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

चंबा, 15 अगस्त मुकेश कुमार (गोल्डी)
80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय समारोह का आयोजन चंबा के ऐतिहासिक चौगान मैदान में बड़े हर्षोल्लास और देशभक्ति के माहौल में किया गया। समारोह में उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा भव्य मार्च पास्ट की सलामी ली। इस दौरान चौगान मैदान देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया और उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक समारोह में भाग लिया।समारोह की विशेष आकर्षण विभिन्न विभागों और संस्थानों की 17 महिला एवं पुरुष टुकड़ियों द्वारा प्रस्तुत की गई आकर्षक परेड रही।

परेड में जिला पुलिस, वन विभाग, गृह रक्षक, एनसीसी, एसपीओ, एनएसएस, भारत स्काउट्स एंड गाइड्स, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, नर्सिंग कॉलेज, होटल प्रबंधन संस्थान डीआईआईएचएम तथा एनएफसीआई की टुकड़ियों ने अनुशासन और समर्पण का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। भव्य परेड का नेतृत्व लेडी पुलिस इंस्पेक्टर पंकज ने किया।इस अवसर पर जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों का मन मोह लिया। देशभक्ति गीतों, लोकनृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों को उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।

कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों, सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा समाजसेवियों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की महत्वपूर्ण भूमिका है और उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान समाज को प्रेरणा देता है।समारोह में विधायक नीरज नैय्यर, पूर्व मंत्री आशा कुमारी, ठाकुर सिंह भरमौरी, पूर्व विधायक सुरेंद्र भारद्वाज, जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष सुरजीत भरमौरी, अमित भरमौरी, सुनाभ सिंह पठानिया, नगर परिषद अध्यक्ष भुवनेश्वरी गुलाटी, जिला परिषद अध्यक्ष रेखा कुमारी, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं पूर्व सैन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
