हिमाचल में डाक विभाग के तकनीकी नवाचार,अब घर-द्वार पर ‘स्पीड, सेफ्टी और स्माइल’ सेवाएं

शिमला 10 अक्टूबर चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
हिमाचल प्रदेश में डाक विभाग ने ‘स्पीड, सेफ्टी और स्माइल’ के मंत्र को अपनाते हुए अपनी सेवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ दिया है। अब डाक विभाग केवल पत्र या पार्सल भेजने तक सीमित नहीं, बल्कि बैंकिंग, बीमा और सरकारी सेवाओं का भरोसेमंद केंद्र बन गया है। यह जानकारी परिमंडल के मुख्य पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने डाक सप्ताह के समापन अवसर पर दी।उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 2800 डाकघर संचालित हैं, जो दो लाख से अधिक लोगों को सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में डाकिए अब माइक्रो एटीएम के माध्यम से घर-द्वार पर नकद निकासी की सुविधा दे रहे हैं। साथ ही वृद्ध नागरिकों को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जा रही है।मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि डाकघरों को सिंगल विंडो प्रणाली के रूप में विकसित किया गया है, जहाँ आधार कार्ड अपडेट, पासपोर्ट आवेदन और जीवन प्रमाण पत्र जैसी सेवाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं।

यह सुविधा विशेष रूप से दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों के लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध हो रही है।उन्होंने बताया कि भारतीय डाक विभाग द्वारा 6 से 10 अक्टूबर तक राष्ट्रीय डाक सप्ताह मनाया गया, जिसमें वित्तीय समावेशन दिवस, प्रौद्योगिकी दिवस, ग्राहक दिवस और विश्व डाक दिवस जैसे कार्यक्रम आयोजित हुए।संजय सिंह ने कहा कि विभाग अपने सभी डाकघरों को डिजिटल बनाने की दिशा में तेजी से कार्य कर रहा है। अब ग्राहक अपने पार्सल और स्पीड पोस्ट को वास्तविक समय में ट्रैक कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि डाक जीवन बीमा (PLI), ग्रामीण डाक जीवन बीमा (RPLI) और सुकन्या समृद्धि जैसी योजनाओं से लाखों लोग लाभान्वित हो रहे हैं।मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि “हमारा लक्ष्य आधुनिक तकनीक के माध्यम से हर नागरिक तक तेज, सुरक्षित और विश्वसनीय सेवाएं पहुंचाना है — चाहे वह हिक्किम जैसा ऊंचा क्षेत्र हो या कोई सुदूर गांव।”