9 माह में बनकर तैयार होगा शोघी पीएचसी भवन, 15 करोड़ रुपये से हो रहा निर्माण :- विक्रमादित्य सिंह

शिमला 17 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिमला ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के शोघी में निर्माणाधीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) भवन का निर्माण कार्य आगामी नौ माह के भीतर पूरा कर लिया जाएगा। यह जानकारी लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने सोमवार को भवन का निरीक्षण करने के दौरान दी। उन्होंने बताया कि लगभग 15 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रहे इस स्वास्थ्य केंद्र में आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही यहां ट्रॉमा सेंटर भी स्थापित किया जाएगा, जिससे सड़क दुर्घटनाओं और आपात स्थितियों में मरीजों को त्वरित उपचार मिल सकेगा।मंत्री ने कहा कि इस भवन का शिलान्यास पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह ने किया था, लेकिन कुछ समय के लिए निर्माण कार्य की गति धीमी पड़ गई थी।

अब निर्माण कार्य ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है और संबंधित ठेकेदार को निर्धारित समय में इसे पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।निरीक्षण के बाद विक्रमादित्य सिंह ने शोघी पंचायत भवन में आयोजित ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता की। इस दौरान शोघी, आनंदपुर, कोट, थड़ी, जलेल और बढ़ाई पंचायतों के प्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों ने सड़क, बिजली, पेयजल और ग्रामीण विकास से जुड़ी समस्याएं उनके समक्ष रखीं। मंत्री ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष समस्याओं के निवारण के लिए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।उन्होंने बताया कि शिमला ग्रामीण क्षेत्र में वर्तमान में 11 करोड़ रुपये के विकास कार्य प्रगति पर हैं। विभिन्न संपर्क सड़कों के निर्माण एवं उन्नयन के लिए करोड़ों और लाखों रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

शोघी स्कूल को सीबीएसई का दर्जा मिलने पर उन्होंने क्षेत्रवासियों को बधाई देते हुए शिक्षकों के रिक्त पद शीघ्र भरने का आश्वासन दिया।विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि क्षेत्र में परिवहन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 30 नई इलेक्ट्रिक बसें स्वीकृत की गई हैं, जिनमें से 18 बसें पहले ही संचालित हो चुकी हैं। शेष 12 बसों को भी जल्द विभिन्न रूटों पर चलाया जाएगा। इसके अलावा शोघी में बस अड्डा, एचआरटीसी सब-डिपो, रेन शेल्टर और ओवरब्रिज निर्माण की योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है।
