नादौन में कल 19 अगस्त को लगेगा निःशुल्क न्यूरो मेडिकल कैंप, प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन डॉ. जनक राज देंगे परामर्श

नादौन /हमीरपुर, 18 अगस्त चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
प्रदेश के प्रसिद्ध न्यूरो सर्जन एवं पूर्व चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) शिमला, वर्तमान में भरमौर विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जनक राज के नेतृत्व में 19 अगस्त को नादौन में एक निःशुल्क मेडिकल कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह स्वास्थ्य शिविर राजिंद्रा पैलेस, गगाल (डिग्री कॉलेज नादौन के समीप) में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगा।

आयोजकों द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार इस विशेष स्वास्थ्य शिविर में दिमाग, नसों तथा रीढ़ की हड्डी से संबंधित विभिन्न बीमारियों और समस्याओं से जूझ रहे मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकीय परामर्श निःशुल्क उपलब्ध कराया जाएगा। कैंप का मुख्य उद्देश्य दूर-दराज क्षेत्रों के लोगों को विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करना तथा गंभीर न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के प्रति जागरूक करना है।

डॉ. जनक राज प्रदेश के जाने-माने न्यूरो सर्जनों में से एक हैं और लंबे समय से मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाएं प्रदान करते आ रहे हैं। ऐसे में इस कैंप से क्षेत्र के अनेक मरीजों को लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। विशेष रूप से सिरदर्द, चक्कर आना, नसों की कमजोरी, रीढ़ की हड्डी के दर्द, स्लिप डिस्क, लकवा, गर्दन व कमर दर्द तथा अन्य न्यूरोलॉजिकल समस्याओं से पीड़ित लोग इस अवसर का लाभ उठा सकते हैं।

आयोजकों ने सभी इच्छुक मरीजों से अपील की है कि वे अपनी नवीनतम मेडिकल रिपोर्ट्स, जांच संबंधी दस्तावेज तथा पूर्व उपचार से जुड़े रिकॉर्ड साथ लेकर आएं, ताकि विशेषज्ञ चिकित्सक उनकी स्थिति का सही मूल्यांकन कर आवश्यक सलाह दे सकें।
उन्होंने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का लाभ उठाने का आग्रह किया है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति मोबाइल नंबर 80912-23023, 86298-75238 और 97803-66490 पर संपर्क कर सकते हैं।
