गांधी जयंती पर डलहौजी में श्रद्धांजलि समारोह हुआ आयोजित, उपमंडलाधिकारी डलहौजी ने की अध्यक्षता

डलहौजी/ चम्बा, 2 अक्तूबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की 156वीं जयंती के अवसर पर डलहौजी के गांधी चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में क्षेत्र के विभिन्न संस्थानों, संगठनों और स्थानीय जनता ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान डलहौजी पब्लिक स्कूल और डलहौजी हिल टॉप स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के गीत प्रस्तुत कर वातावरण को देशभक्ति की भावना से गुंजित किया। श्रद्धांजलि अर्पण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज उपस्थित रहे, जबकि डलहौजी पब्लिक स्कूल के निदेशक डॉ. कैप्टन जी.एस. ढिल्लों की गरिमामयी उपस्थिति भी रही। दोनों अतिथियों ने राष्ट्रपिता की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।

इस अवसर पर समाजसेवी स्नेहलता, लेडी शक्ति क्लब की सदस्य मोनिका पुष्प व राज कोहली, देशभक्ति सरदार अजीत सिंह यादगार सभा के महासचिव वीरेंद्र ठाकुर, कोषाध्यक्ष मनीष ठाकुर, वरिष्ठ नागरिक राजेंद्र राय, नगर परिषद डलहौजी के कर्मचारी रमेश कुमार व सुशील कुमार, शिक्षक राजेश रॉय, विनय कुमार, राणा जी तथा अन्य स्थानीय शिक्षक व नागरिक भी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि अनिल भारद्वाज ने युवाओं से अपील की कि वे महात्मा गांधी जी के बताए हुए सत्य और अहिंसा के मार्ग पर चलकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाएं। उन्होंने कहा कि गांधी जी के आदर्श आज भी समाज को दिशा देने में प्रासंगिक हैं। साथ ही उन्होंने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को भी स्मरण करते हुए उनके प्रसिद्ध नारे “जय जवान, जय किसान” को वर्तमान समय में अत्यंत सार्थक बताया।

अंत में एसडीएम ने सभी को बुराई पर अच्छाई की विजय के प्रतीक दशहरा पर्व की शुभकामनाएं देते हुए एकता, शांति और सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया। समारोह में शामिल लोगों ने गांधी जी और शास्त्री जी के आदर्शों को जीवन में आत्मसात करने का संकल्प भी लिया।