चंबा–जोत मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान 5.89 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

चंबा–जोत मार्ग पर नाकाबंदी के दौरान 5.89 ग्राम चिट्टा बरामद, दो युवक गिरफ्तार

चम्बा 24 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसआईयू पुलिस दल को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। आज अल सुबह चंबा–जोत मार्ग पर हनुमान मंदिर पुल के समीप पुलिस द्वारा नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान मोटरसाइकिल संख्या HP-48B-8124 (केटीएम) को तलाशी के लिए रोका गया। मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक पुलिस को देखकर घबरा गए और पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।पुलिस दल को युवकों की गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद नियमानुसार मोटरसाइकिल और दोनों व्यक्तियों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 5.89 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद की गई।

नशीले पदार्थ की बरामदगी के बाद पुलिस ने मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान 26 वर्षीय कपिल शर्मा, पुत्र अशोक कुमार, निवासी ग्राम/डाकघर मेहला, तहसील व जिला चंबा, वर्तमान में शिक्षा विभाग के डी.आई.ई.टी. सरू में ए.पी. क्लर्क, तथा 29 वर्षीय ऋतिक ठाकुर, पुत्र दलीप ठाकुर, निवासी ग्राम/डाकघर मेहला, तहसील व जिला चंबा, के रूप में हुई है।पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों के विरुद्ध पुलिस थाना सदर, चंबा में मादक द्रव्य अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है तथा मामले की गहन जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।

इस कार्रवाई की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने बताया कि जिले में नशे के खिलाफ छेड़ा गया अभियान आगे भी पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए पुलिस निरंतर प्रयासरत है। पुलिस अधीक्षक ने यह भी जानकारी दी कि आज गिरफ्तार किए गए दोनों युवकों को माननीय अदालत में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!