डलहौजी में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान ने विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की

डलहौजी/ चम्बा 25 मई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
सर्किट हाउस डलहौजी में केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान की अध्यक्षता में विभिन्न केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मंत्री ने संबंधित विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे योजनाओं को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण करें।अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मेहरा ने प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन से संबंधित जिला चंबा की उपलब्धियों की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी।

मंत्री ने अधिकारियों को जमीनी स्तर पर जाकर योजनाओं का प्रभाव सुनिश्चित करने और लाभार्थियों से सीधा संवाद बनाए रखने के निर्देश दिए।कमलेश पासवान ने कहा कि केंद्र सरकार का मुख्य उद्देश्य योजनाओं का लाभ सीधे आमजन तक पहुंचाना है। इसके लिए आवश्यक है कि अधिकारी लाभार्थियों से सीधे संपर्क में रहकर कार्य करें। उन्होंने विकास कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष बल देते हुए सभी विभागों को समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।इससे पूर्व मंत्री ने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों से बातचीत की। इनमें प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा और राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत कार्यरत स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं शामिल रहीं।

महिलाओं ने मंत्री को अपनी आजीविका गतिविधियों के बारे में जानकारी दी तथा अनुभव साझा किए।मंत्री ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का अवलोकन किया और उनके उत्पादों जैसे आर्टिफिशियल ज्वेलरी, खाद्य सामग्री तथा उपहार वस्तुओं की सराहना की। उन्होंने महिलाओं को बड़े स्तर पर व्यावसायिक गतिविधियां शुरू करने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज, जिला विकास अधिकारी ओम प्रकाश ठाकुर, लोनिवि के अधिशासी अभियंता अतुल शर्मा, खंड विकास अधिकारी भटियात अनिल गुलाडा, मेल के बीडीओ बशीर खान और चंबा के बीडीओ महेश चंद सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
