
ताजा हिमपात और ओलावृष्टि से हिमाचल में फिर लौटी ठंड, किसानों की फसलें क्षतिग्रस्त, पर्यटकों के चेहरे खिले
चंबा, लाहौल-स्पीति, किन्नौर और कुल्लू-मनाली के ऊपरी इलाकों में बर्फबारी; निचले क्षेत्रों में बारिश और ओलावृष्टि से नुकसान
चम्बा 21 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है। जिला चंबा सहित लाहौल-स्पीति, किन्नौर, कुल्लू और मनाली के ऊपरी क्षेत्रों में बीते दो दिनों से ताजा हिमपात देखने को मिला, जबकि निचले इलाकों में तेज बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने लोगों को फिर से सर्द मौसम का एहसास करवा दिया। अप्रैल के अंत में इस अप्रत्याशित ठंड ने आम जनजीवन को प्रभावित किया है।बीते दिनों जहां लोगों ने गर्मियों के कपड़े निकालकर सर्दियों के कपड़े पैक कर दिए थे, वहीं अब तापमान में गिरावट के चलते स्वेटर, जैकेट और गर्म कपड़े फिर से बाहर आ गए हैं।

ओलावृष्टि से निचले क्षेत्रों में किसानों और बागवानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है। फलों और सब्जियों की फसलें बर्बाद हो गई हैं, वहीं कुछ गाड़ियों के शीशे भी ओलों की मार से टूट गए।हालांकि, बर्फबारी ने पर्यटन क्षेत्र को नया जीवन दे दिया है। बर्फ के दीदार के लिए देशभर से पर्यटक एक बार फिर हिमाचल का रुख कर रहे हैं। इससे स्थानीय होटल व्यवसायियों, टैक्सी चालकों और दुकानदारों को आर्थिक राहत मिली है। पर्यटन स्थलों पर बर्फ की सफेद चादर पर्यटकों को खासा लुभा रही है।

मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ दिनों तक इसी तरह के मौसम की संभावना बनी हुई है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा के दौरान सतर्क रहें और मौसम से संबंधित दिशा-निर्देशों का पालन करें।