पुखरी(बनीखेत) में अटल स्मृति वर्ष कार्यक्रम का हुआ आयोजन, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धा सुमन श्रद्धांजलि

पुखरी(बनीखेत) में अटल स्मृति वर्ष कार्यक्रम का हुआ आयोजन, पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को दी श्रद्धा सुमन श्रद्धांजलि

डलहौजी/ चम्बा 27 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

डलहौजी विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत पुखरी में भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशताब्दी वर्ष के अवसर पर अटल स्मृति वर्ष कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम भाजपा मंडल बनीखेत द्वारा मंडल अध्यक्ष विशाल टंडन की अध्यक्षता में आयोजित किया गया, जिसमें डलहौजी के विधायक ने विशेष रूप से भाग लेकर कवि-हृदय अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।इस अवसर पर कार्यक्रम के मंडल प्रभारी संजीव ठाकुर तथा जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज नरयाल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया गया तथा उनके विचारों और योगदान को याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी का जीवन केवल एक राजनेता की कहानी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण, दूरदर्शिता और लोकतांत्रिक मूल्यों की मिसाल है।विधायक ने अपने संबोधन में कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने भारत को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाई।

पोखरण परमाणु परीक्षण, स्वर्णिम चतुर्भुज परियोजना, ग्राम सड़क योजना और सुशासन की परिकल्पना जैसे ऐतिहासिक निर्णय उनके दूरदर्शी नेतृत्व को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि अटल जी राजनीति में संवाद, सहमति और संवेदनशीलता के प्रतीक थे, जिनका जीवन आज की पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है।जिला भाजपा अध्यक्ष धीरज नरयाल ने कहा कि अटल स्मृति वर्ष का उद्देश्य युवाओं को अटल जी के विचारों, सिद्धांतों और राष्ट्रवादी सोच से जोड़ना है। वहीं मंडल प्रभारी संजीव ठाकुर ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने राजनीति को मर्यादा और गरिमा प्रदान की, जिसे आगे बढ़ाना हम सभी का दायित्व है।

कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ता, पदाधिकारी, समर्थक एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे। जन्मशताब्दी वर्ष के पावन अवसर पर उपस्थित जनसमूह ने भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को कोटि-कोटि नमन कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!