पैसे मांगने पर मजदूर पर जानलेवा हमला, कांच की बोतल से सिर पर वार

तीसा (चुराह) 25 मार्च दिलीप सिंह ठाकुर
हिमाचल प्रदेश के चुराह उपमंडल के झज्जाकोठी क्षेत्र में लेन-देन के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जहां एक मजदूर पर कथित तौर पर कांच की बोतल से जानलेवा हमला कर दिया गया। इस हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर पर गहरी चोट आई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़ित मजदूर कशमल निकालने का कार्य करता है। उसने अपनी शिकायत में बताया कि उसने गांव चिनालुई निवासी शरीफ मुहम्मद को कशमल खरीदने के लिए नकद और ऑनलाइन माध्यम से पैसे दिए थे। आरोप है कि लंबे समय बीत जाने के बावजूद आरोपी ने न तो कशमल उपलब्ध कराया और न ही पैसे वापस लौटाए। पीड़ित का कहना है कि वह कई दिनों से अपने पैसे वापस मांग रहा था, लेकिन आरोपी उसकी कॉल तक नहीं उठा रहा था।बताया जा रहा है कि सोमवार शाम करीब 5:30 बजे झज्जाकोठी में दोनों की मुलाकात हुई। जैसे ही पीड़ित ने अपने पैसे वापस मांगे, आरोपी कथित तौर पर भड़क गया। आरोप है कि उसने पहले गाली-गलौच की और फिर पीड़ित को जान से मारने की धमकी दी।शिकायत के अनुसार, जब पीड़ित वहां से जाने लगा, तो आरोपी ने उसका रास्ता रोक लिया और नशे की हालत में हाथ में पकड़ी कांच की बोतल से उसके सिर पर जोरदार वार कर दिया। अचानक हुए हमले में मजदूर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा और खून से लथपथ हो गया।घटना के दौरान मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और घायल को बचाया। इसके बाद परिजन और स्थानीय लोग उसे तुरंत अस्पताल और पुलिस थाना लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया गया।मामले की पुष्टि करते हुए पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घायल का मेडिकल करवाने के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है।