स्वास्थ्य खंड पुखरी में आशा कार्यकर्ताओं के 9 पदों के लिए 2 जनवरी को साक्षात्कार

चम्बा 31 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत स्वास्थ्य खंड पुखरी में आशा कार्यकर्ताओं के रिक्त पदों को भरने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। खंड चिकित्सा अधिकारी पुखरी, डॉ. नवदीप राठौर ने जानकारी देते हुए बताया कि आशा कार्यकर्ताओं के कुल 9 पदों के लिए 2 जनवरी 2026 को साक्षात्कार आयोजित किए जाएंगे। यह साक्षात्कार खंड चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, पुखरी में प्रातः 10 बजे से प्रारंभ होंगे।
डॉ. राठौर ने बताया कि यह भर्ती विभिन्न ग्राम पंचायतों के अंतर्गत आने वाले वार्ड-गांवों में की जाएगी, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके।

जिन ग्राम पंचायतों और वार्ड-गांवों में आशा कार्यकर्ताओं के पद भरे जाने हैं, उनमें ग्राम पंचायत पंजोह के वार्ड-गांव चमडोली, ग्राम पंचायत चंडी के वार्ड-गांव बडोह, ग्राम पंचायत औड्डा बारी के वार्ड-गांव औड्डा, ग्राम पंचायत सिल्लाघराट के वार्ड-गांव थूंडू बंजाह, ग्राम पंचायत कैला के वार्ड-गांव बसंदरी, ग्राम पंचायत जडेरा के वार्ड-गांव कैगा, ग्राम पंचायत गगरोथा के वार्ड-गांव बलोथ, ग्राम पंचायत चम्बी के वार्ड-गांव धार तथा ग्राम पंचायत प्रोथा के वार्ड-गांव हेथा शामिल हैं।
खंड चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि आशा कार्यकर्ता ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, पोषण, स्वच्छता और विभिन्न सरकारी स्वास्थ्य योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। इन पदों की भर्ती से संबंधित क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूती मिलेगी।
डॉ. राठौर ने सभी पात्र एवं इच्छुक अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि, समय और स्थान पर अपने सभी आवश्यक मूल दस्तावेजों के साथ साक्षात्कार में उपस्थित हों। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि साक्षात्कार प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी रहेगी और चयन निर्धारित मानकों के अनुसार किया जाएगा।