आईजीएमसी शिमला की घटना पर सरकार सख्त, जांच शीघ्र पूर्ण कर कार्रवाई के निर्देश

शिमला 24 दिसम्बर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)
शिमला में गत दिवस स्वास्थ्य विभाग, इंदिरा गांधी चिकित्सा महाविद्यालय (आईजीएमसी) शिमला तथा निदेशालय चिकित्सा शिक्षा के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश में चिकित्सा शिक्षा से जुड़े विभिन्न अहम विषयों पर चर्चा की गई, वहीं आईजीएमसी शिमला में 22 दिसंबर को घटित घटना को लेकर विशेष रूप से मंथन किया गया।बैठक के दौरान संबंधित अधिकारियों से उक्त घटना से जुड़े सभी तथ्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्राप्त की गई। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि मामले की जांच आज ही पूर्ण कर ली जाए और तथ्यों के आधार पर शीघ्र उचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनुशासनहीनता को स्वीकार नहीं किया जाएगा।बैठक में इस बात पर बल दिया गया कि प्रत्येक शैक्षणिक एवं चिकित्सा संस्थान में पेशेवर आचरण, संयम और अनुशासन का विशेष महत्व होता है।

यह न केवल संस्थान से जुड़े व्यक्तियों के व्यक्तित्व को दर्शाता है, बल्कि संस्थान की समग्र छवि और प्रतिष्ठा को भी प्रभावित करता है। आईजीएमसी शिमला जैसे प्रतिष्ठित संस्थान से शिक्षित चिकित्सकों ने देश-विदेश में अपनी सेवाओं के माध्यम से प्रदेश का नाम रोशन किया है।बैठक में यह भी कहा गया कि ऐसे प्रतिष्ठित संस्थान में इस प्रकार की घटना निंदनीय है और इससे संस्थान की गरिमा को ठेस पहुंचती है। भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो, इसके लिए व्यवस्था में आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे। साथ ही, सभी संबंधित संस्थानों को निर्देश दिए गए कि वे अपने-अपने स्तर पर अनुशासन, कार्यसंस्कृति और पेशेवर मूल्यों को सुदृढ़ करें।सरकार ने स्पष्ट किया कि चिकित्सा शिक्षा एवं स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े संस्थानों में उच्च मानकों को बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति अपनाई जाएगी।