उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने सिद्धपुर स्थित आश्रय फाउंडेशन के फूड प्रोसेसिंग प्लांट का किया दौरा, महिला सशक्तिकरण की सराहना

चम्बा 01 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)
उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल ने आज ग्राम पंचायत हरिपुर के गांव सिद्धपुर में आश्रय फाउंडेशन द्वारा संचालित फूड प्रोसेसिंग डिहाइड्रेशन प्लांट का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्लांट में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं से संवाद किया और उनके द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी ली। उपायुक्त ने महिलाओं के कार्यों को नजदीक से देखते हुए आश्रय फाउंडेशन द्वारा महिला सशक्तिकरण और आत्मनिर्भरता की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।उपायुक्त ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण केवल सामाजिक परिवर्तन का माध्यम नहीं है, बल्कि यह ग्रामीण विकास की सबसे मजबूत आधारशिला है।

उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त होती हैं, तो इसका सकारात्मक प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने आश्रय फाउंडेशन को जमीनी स्तर पर महिलाओं को स्वरोजगार से जोड़ने वाला एक प्रभावी मंच बताया।उन्होंने जिले में चल रहे ‘लखपति दीदी’ अभियान पर विशेष चर्चा करते हुए प्रशिक्षण प्राप्त कर रही महिलाओं को लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उपायुक्त ने कहा कि आगामी एक वर्ष के भीतर समूह की सभी 19 महिलाएं एवं एक पुरुष इस गौरवपूर्ण उपलब्धि को हासिल करें और आत्मनिर्भरता की मिसाल बनें।

उपायुक्त ने यह भी कहा कि केवल गुणवत्तापूर्ण उत्पाद तैयार करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनकी पैकेजिंग, ब्रांडिंग और मार्केटिंग को भी विश्वस्तरीय बनाया जाना आवश्यक है। उन्होंने आश्रय फाउंडेशन को हिमईरा ब्रांड से जुड़ने का सुझाव देते हुए कहा कि उत्पाद की प्रस्तुति ही उसकी पहचान होती है, जो बाजार में उसकी सफलता तय करती है। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों को सशक्त बाजार नेटवर्क से जोड़ने पर भी बल दिया, ताकि चंबा के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिल सके।

दौरे के दौरान उपायुक्त ने प्लांट में स्थापित आधुनिक मशीनों के माध्यम से तैयार किए जा रहे उत्पादों की प्रक्रिया की भी जानकारी ली। उन्होंने स्वयं सहायता समूहों एवं ग्राम संगठनों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए सभी उपस्थित लोगों को नव वर्ष 2026 की शुभकामनाएं दीं।इस अवसर पर आश्रय फाउंडेशन की प्रमुख प्रशिक्षक दिशा ने उपायुक्त को सम्मानित किया और फूड प्रोसेसिंग प्लांट में तैयार किए जा रहे उत्पादों तथा आस्था स्वयं सहायता समूह की सक्रिय महिलाओं के कार्यों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।