जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 21–22 जनवरी को होंगी विशेष एंटी चिट्टा ग्राम सभाएं

जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 21–22 जनवरी को होंगी विशेष एंटी चिट्टा ग्राम सभाएं

चम्बा 16 जनवरी मुकेश कुमार (गोल्डी)

नशे के बढ़ते खतरे और विशेष रूप से चिट्टा जैसे घातक नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने अहम आदेश जारी किए हैं। उपायुक्त ने बताया कि जिला के सभी विकास खंडों की समस्त ग्राम पंचायतों में 21 और 22 जनवरी को विशेष एंटी चिट्टा ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा।उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि इन विशेष ग्राम सभाओं का मुख्य उद्देश्य आम जनता, विशेषकर युवाओं को नशे से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करना है। उन्होंने बताया कि चिट्टा जैसे नशे ने युवाओं के भविष्य के साथ-साथ परिवारों और समाज को भी गहरे संकट में डाल दिया है, जिससे निपटने के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं।इन ग्राम सभाओं के दौरान चिट्टा से जुड़े विभिन्न मुद्दों की गहन समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही नशे की लत में फंसे स्थानीय युवाओं की पहचान कर उनके पुनर्वास, परामर्श और उपचार से संबंधित उपायों पर भी विस्तार से चर्चा की जाएगी। जागरूकता अभियानों को प्रभावी बनाने, समाज की भागीदारी बढ़ाने तथा आवश्यक प्रशासनिक कार्यवाही को लेकर भी रणनीति तैयार की जाएगी।उपायुक्त ने जानकारी दी कि इन विशेष ग्राम सभाओं के सुचारू संचालन के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है, ताकि कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा नशा तस्करों के बारे में सूचना देने पर नकद पुरस्कार देने का प्रावधान किया गया है, ताकि लोग नशा कारोबार के खिलाफ खुलकर आगे आएं।इसके अतिरिक्त ग्राम सभा के दौरान ग्राम पंचायत प्रधान द्वारा पंचायत को नशा और चिट्टा मुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई जाएगी। उपायुक्त ने आम जनता से इन ग्राम सभाओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने और जिले को नशा मुक्त बनाने में सहयोग करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!