चंबा में जिला स्तरीय राष्ट्रीय प्रेस दिवस समारोह, उपायुक्त ने प्रेस की विश्वसनीयता को बताया मूल आधार

चम्बा 17 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला मुख्यालय चंबा के बचत भवन में राष्ट्रीय प्रेस दिवस का जिला स्तरीय आयोजन गरिमामय ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में जिले के वरिष्ठ पत्रकारों, प्रिंट व इलेक्ट्रॉनिक मीडिया प्रतिनिधियों तथा सोशल मीडिया से जुड़े पत्रकारों ने भाग लिया।
प्रेस की विश्वसनीयता के संरक्षण पर अपने विचार व्यक्त करते हुए उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने कहा कि किसी भी समाचार को प्रसारण से पहले तथ्यों की पुष्टि करना और दूसरे पक्ष को भी पूरा अवसर देना प्रेस की विश्वसनीयता की नींव है। उन्होंने कहा कि ब्रेकिंग न्यूज़ की होड़ में कई बार अपुष्ट समाचार प्रसारित हो जाते हैं, जिससे न केवल मीडिया संस्थान बल्कि पूरे प्रेस जगत की विश्वसनीयता प्रभावित होती है।

उन्होंने जिला चंबा की प्रेस की कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए कहा कि यहां के पत्रकारों ने आपदा और अन्य महत्वपूर्ण परिस्थितियों में जिम्मेदारी और अनुशासन का उत्कृष्ट परिचय दिया है। उपायुक्त ने चंबा प्रेस क्लब को ओल्ड पुलिस चौकी के समीप दो कमरे उपलब्ध कराने की घोषणा भी की। इस अवसर पर उन्होंने सभी मीडिया प्रतिनिधियों को सम्मानित किया।
दिन की शुरुआत प्रातः 9 बजे ऐतिहासिक चौगान मैदान में आयोजित डीसी-11 एवं प्रेस-11 के बीच मैत्री क्रिकेट मैच से हुई, जिसमें डीसी-11 विजेता रही।

इससे पूर्व जिला लोक संपर्क अधिकारी बलबीर सिंह ने आयोजन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए मुख्य अतिथि का स्वागत किया। कार्यक्रम में वेटरन पत्रकार बीके पराशर, चंबा एक्सप्रेस के संपादक योगेश महेंद्रु, चंबा प्रेस क्लब के प्रधान विनोद कुमार सहित कई वरिष्ठ पत्रकारों ने मीडिया की विश्वसनीयता, फेक न्यूज़, पुष्टिकरण और सोशल मीडिया के नियमन पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए अनेक मीडिया प्रतिनिधि उपस्थित रहे।