चंबा मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन टालने पर विवाद, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

चंबा मेडिकल कॉलेज में ऑपरेशन टालने पर विवाद, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

चंबा 09 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)

पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज में एक महिला का ऑपरेशन टाले जाने को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन और संबंधित डॉक्टर पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।जानकारी के अनुसार 48 वर्षीय महिला शाह माली पिछले पांच दिनों से अस्पताल में भर्ती थीं और उनका पित्त की पथरी का ऑपरेशन निर्धारित किया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन की सभी तैयारियां पूरी होने के बावजूद अंतिम समय पर इसे टाल दिया गया। उनका कहना है कि डॉक्टर द्वारा एक विशेष दुकान से सर्जिकल सामान लाने के लिए कहा गया था, और जब वह सामान वहां से नहीं खरीदा गया तो ऑपरेशन नहीं किया गया।महिला के बेटे इकबाल मोहम्मद ने बताया कि जिस दुकान से सामान लाने को कहा गया था, वहां 23,500 रुपये का बिल बनाया गया, जबकि वही सामान दूसरी दुकान पर मात्र 17,000 रुपये में उपलब्ध था। उन्होंने आरोप लगाया कि इतनी बड़ी कीमत के अंतर के बावजूद डॉक्टर द्वारा दूसरी जगह से खरीदे गए सामान को स्वीकार नहीं किया गया, जो कि गंभीर सवाल खड़े करता है।परिजनों का कहना है कि इस प्रकार का व्यवहार न केवल मरीज के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ है, बल्कि यह अस्पताल की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े करता है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो वे विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।इस मामले में चिकित्सा अधीक्षक डॉ. प्रदीप सिंह ने कहा कि शिकायत प्राप्त हो चुकी है और अस्पताल प्रशासन द्वारा पूरे मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।घटना के बाद अस्पताल प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं और लोग पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!