चम्बा में एसआईयू की बड़ी कार्रवाई, 8.25 ग्राम चिट्टा सहित पंजाब के दो युवक गिरफ्तार

चम्बा 21 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत चम्बा पुलिस को एक और महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। बीते कल स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट (एसआईयू) की टीम ने गश्त के दौरान 8.25 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद करते हुए पंजाब के दो युवकों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस की सख्ती एक बार फिर सामने आई है।जानकारी के अनुसार, एसआईयू पुलिस दल न्यू बस अड्डा से चम्बा शहर की ओर नियमित गश्त पर था। इसी दौरान पुलिस वाहन को देखकर दो युवक घबरा गए और नजरें चुराते हुए वहां से निकलने का प्रयास करने लगे। उनकी संदिग्ध गतिविधियों को देखते हुए पुलिस टीम ने तुरंत उन्हें रोककर पूछताछ की, लेकिन दोनों युवक संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए।इसके बाद पुलिस ने नियमानुसार दोनों की तलाशी ली, जिसमें उनके कब्जे से कुल 8.25 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया।

बरामदगी के बाद पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और उनके खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम (एनडीपीएस एक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना सदर चम्बा में मामला दर्ज कर लिया।पुलिस अधीक्षक विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी इस्मित सिंह और विक्रमजीत सिंह, दोनों जिला अमृतसर (पंजाब) के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक पूछताछ में कई अहम जानकारियां सामने आने की संभावना है।

एसपी ने बताया कि पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह नशे की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाया जाना था। मामले की गहन जांच जारी है और नशा तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के खिलाफ अभियान भविष्य में भी इसी तरह सख्ती से जारी रहेगा।