विजय कारगिल दिवस समारोह: पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में देशभक्ति के जज़्बे के साथ मनाया गया

डलहौजी /चम्बा 26 जुलाई मुकेश कुमार (गोल्डी)
पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय बनीखेत में विजय कारगिल दिवस को लेकर आज अत्यंत श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का आयोजन विद्यालय के कार्यवाहक प्राचार्य कृष्ण कुमार के मार्गदर्शन में किया गया। यह दिन भारतीय सेना के अदम्य साहस, वीरता और मातृभूमि के लिए किए गए बलिदान को सम्मानित करने के लिए समर्पित होता है।समारोह की शुरुआत राष्ट्रगान के साथ हुई, जिसके बाद कार्यवाहक प्राचार्य कृष्ण कुमार ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे सैनिक हर कठिन परिस्थिति में देश की रक्षा के लिए तत्पर रहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से देशभक्ति की भावना को आत्मसात करने और अपने कर्तव्यों के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया।इस अवसर पर विद्यालय के स्काउट, गाइड और एन.सी.सी. छात्रों द्वारा देशभक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ दी गईं। विद्यार्थियों ने कारगिल युद्ध से जुड़े वीर जवानों को समर्पित कविताओं और भाषणों के माध्यम से श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।विद्यालय के स्काउट प्रशिक्षक रिंकू खरेरा और गाइड प्रतिनिधी खुशी के नेतृत्व में छात्रों के एक दल ने डलहौजी कैंट में आयोजित विजय कारगिल दिवस समारोह में भी भाग लिया।

वहाँ उन्होंने देशभक्ति रैली में भाग लेकर आमजन को सैनिकों के योगदान की याद दिलाई। स्काउट और गाइड विद्यार्थियों ने वीरता पर आधारित प्रेरणादायक भाषणों के माध्यम से उपस्थित जनसमूह को संबोधित किया।समारोह ने न सिर्फ देश के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि दी, बल्कि विद्यार्थियों में देश के प्रति समर्पण और सेवा भावना को भी प्रबल किया। विद्यालय परिवार ने इस दिन को प्रेरणा का स्रोत मानते हुए अपने देश के प्रति दायित्वों को निभाने का संकल्प लिया।