राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह, 51.12 लाख से बने विज्ञान व पुस्तकालय भवन का लोकार्पण

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली में वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह, 51.12 लाख से बने विज्ञान व पुस्तकालय भवन का लोकार्पण

डलहौजी/चम्बा 24 दिसम्बर मुकेश कुमार (गोल्डी)

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया आज भटियात विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नगाली में आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर उन्होंने 51 लाख 12 हजार रुपये की लागत से निर्मित विज्ञान तथा पुस्तकालय भवन का विधिवत लोकार्पण किया। नए भवन के लोकार्पण से विद्यालय में शैक्षणिक सुविधाओं को मजबूती मिलेगी और विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का बेहतर वातावरण प्राप्त होगा।समारोह के दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने शैक्षणिक सत्र में शिक्षा के साथ-साथ खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य बहुआयामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर परिश्रम और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।अपने संबोधन में कुलदीप सिंह पठानिया ने विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक संसाधन उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। साथ ही विद्यार्थियों की खेल सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विद्यालय को कबड्डी मैट उपलब्ध करवाने की घोषणा भी की। उन्होंने क्षेत्र में जारी विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि पेयजल एवं सिंचाई सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए 14 करोड़ रुपये की धनराशि का प्रावधान किया गया है।विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि नगाली–संजपुई–समलेऊ संपर्क मार्ग के सुधार और उन्नयन के लिए 6 करोड़ रुपये का प्राक्कलन तैयार किया गया है तथा भविष्य में इस मार्ग को प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना में शामिल किया जाएगा।

उन्होंने दोहराया कि भटियात विधानसभा क्षेत्र के सभी गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ना उनकी प्राथमिकता है। इसके तहत नगाली और टप्पर ग्राम पंचायतों में प्रस्तावित पांच संपर्क मार्गों के निर्माण को लेकर विभागीय औपचारिकताएं पूर्ण की जा रही हैं।इससे पूर्व विधानसभा अध्यक्ष ने दीप प्रज्वलन कर समारोह का शुभारंभ किया। उन्होंने विद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने के लिए 25 हजार रुपये की राशि देने की घोषणा भी की। समारोह में विद्यार्थियों ने हिंदी, पंजाबी तथा हिमाचली लोक संस्कृति पर आधारित आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रधानाचार्य संदीप राज राठौर ने विद्यालय का वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विभिन्न विभागों के अधिकारी, पंचायत प्रतिनिधि, विद्यार्थी, अभिभावक एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!