कांगड़ा में नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लुधियाना का तस्कर चिट्टे सहित गिरफ्तार

कांगड़ा में नशा तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लुधियाना का तस्कर चिट्टे सहित गिरफ्तार

कांगड़ा 03 नवंबर चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस ( ब्यूरो)

हिमाचल प्रदेश में नशे का कारोबार लगातार बढ़ता जा रहा है और अब बाहरी राज्यों के तस्कर भी सक्रिय हो चुके हैं। इस बीच कांगड़ा पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने लुधियाना, पंजाब के रहने वाले कुख्यात नशा तस्कर को चिट्टे की खेप सहित गिरफ्तार किया है।जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति कछियारी बाईपास पर ओवरब्रिज के नीचे संदिग्ध अवस्था में मौजूद है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्कूटी (नंबर HP40E-0657) पर बैठे व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 8.31 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया।गिरफ्तार आरोपी की पहचान 31 वर्षीय परमजीत सिंह उर्फ पम्मा, निवासी लुधियाना, पंजाब के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

प्रारंभिक जांच में खुलासा हुआ है कि पम्मा लंबे समय से नशे की खरीद-फरोख्त में सक्रिय था और पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। कई दिनों से उसकी तलाश जारी थी और अब जाकर वह पुलिस के हत्थे चढ़ा है।वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह चिट्टा कहां से लाया था और किसे सप्लाई करने वाला था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी से नशा तस्करी के बड़े गिरोह का पर्दाफाश हो सकता है।प्रदेश में बढ़ते नशे के खतरे को देखते हुए पुलिस ने NDPS एक्ट के तहत सघन अभियान चलाया है। हर जिले में नशा विरोधी अभियान जारी है, जिसका उद्देश्य हिमाचल को नशा मुक्त बनाना और बाहरी राज्यों के तस्करों की जड़ें समाप्त करना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!