बनीखेत में अप्रवासी लोगों की बढ़ती संख्या पर चिंता, सुरक्षा को लेकर हुई बैठक

बनीखेत में अप्रवासी लोगों की बढ़ती संख्या पर चिंता, सुरक्षा को लेकर हुई बैठक

डलहौजी/चम्बा, 13 नवंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)

बनीखेत में आज व्यापार मंडल, यूथ क्लब, रामा नाटक क्लब तथा स्थानीय मंदिर कमेटी के सदस्यों की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में अप्रवासी लोगों की बढ़ती संख्या और इससे उत्पन्न संभावित सुरक्षा चिंताओं पर विचार-विमर्श करना रहा। बैठक में सदस्यों ने कहा कि बीते कुछ समय से बनीखेत व आसपास के क्षेत्रों में बाहरी राज्यों से आए लोगों की संख्या में अचानक बढ़ोतरी हुई है, जो स्थानीय निवासियों के लिए गंभीर चिंता का विषय बन गई है।

प्रतिनिधियों ने बताया कि कई अप्रवासी बिना किसी आधिकारिक पंजीकरण या पहचान सत्यापन के क्षेत्र में रह रहे हैं, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। बैठक में यह मांग उठाई गई कि प्रशासन ऐसे लोगों का रिकॉर्ड तैयार करे और सभी किरायेदारों का पुलिस सत्यापन अनिवार्य रूप से करवाए। इससे न केवल कानून व्यवस्था मजबूत होगी बल्कि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर समय रहते नियंत्रण पाया जा सकेगा।

बैठक के दौरान यह निर्णय लिया गया कि व्यापार मंडल और सामाजिक संस्थाएं पुलिस प्रशासन के साथ मिलकर बिना पंजीकरण वाले अप्रवासियों की पहचान सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाएंगी। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।

सूत्रों के अनुसार, स्थानीय पुलिस पहले से ही इस बढ़ती गतिविधि पर नजर बनाए हुए है और आने वाले दिनों में विशेष जांच अभियान चलाने की योजना बना रही है।
इसके अतिरिक्त, व्यापार मंडल बनीखेत ने जानकारी दी कि शनिवार सुबह 11 बजे एक विस्तृत बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें अप्रवासियों की बढ़ती संख्या और क्षेत्र की सुरक्षा को लेकर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

व्यापार मंडल बनीखेत के प्रधान संजीव ठाकुर ने कहा कि जिला चंबा में दो समुदायों के बीच हाल ही में उत्पन्न विवाद के मद्देनज़र, 15 नवंबर को चंबा व्यापार मंडल द्वारा घोषित बंद का बनीखेत व्यापार मंडल पूर्ण समर्थन करता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!