एशियन विकास बैंक समर्थित पर्यटन परियोजनाओं की मुख्यमंत्री ने की समीक्षा, 2350 करोड़ से बदलेगा हिमाचल का पर्यटन परिदृश्य

शिमला 09 फरवरी चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस( ब्यूरो)
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने आज एशियन विकास बैंक (एडीबी) के सहयोग से हिमाचल प्रदेश में संचालित पर्यटन विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन को नई दिशा देने और उसे आर्थिक विकास का मजबूत आधार बनाने के उद्देश्य से 2350 करोड़ रुपये की महत्वाकांक्षी परियोजनाएं क्रियान्वित की जा रही हैं।मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं के तहत प्रदेश भर में पर्यटन अधोसंरचना को सुदृढ़ किया जा रहा है। प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सड़क, पार्किंग, यात्री सुविधाएं और कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, ताकि देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को सुगम और सुरक्षित यात्रा अनुभव मिल सके। इसके साथ ही वेलनेस टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक वेलनेस सेंटर विकसित किए जा रहे हैं, जिससे स्वास्थ्य पर्यटन के क्षेत्र में हिमाचल को नई पहचान मिल सके।उन्होंने बताया कि युवाओं को आकर्षित करने और पर्यटन को विविध रूप देने के उद्देश्य से स्केटिंग रिंक जैसी आधुनिक सुविधाओं का भी निर्माण किया जा रहा है। वहीं, प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान और आस्था को सशक्त करने के लिए धार्मिक स्थलों तथा ऐतिहासिक और विरासत स्थलों के सौंदर्यीकरण का कार्य तेजी से चल रहा है।

इससे न केवल पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी, बल्कि स्थानीय कला, संस्कृति और परंपराओं को भी नया जीवन मिलेगा।मुख्यमंत्री ने कहा कि एशियन विकास बैंक के सहयोग से चल रही ये परियोजनाएं हिमाचल प्रदेश की आर्थिकी को मजबूती प्रदान करेंगी। पर्यटन से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के व्यापक अवसर सृजित होंगे, जिससे स्थानीय युवाओं को अपने ही क्षेत्र में रोजगार मिलेगा।उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी परियोजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए। मुख्यमंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार पर्यटन विकास के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण को भी सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है, ताकि हिमाचल की प्राकृतिक सुंदरता और पारिस्थितिकी संतुलन सुरक्षित रहे ।