प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हरिपुर आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में चयनित

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत हरिपुर आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में चयनित


चंबा, 18 अगस्त मुकेश कुमार गोल्डी

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत ज़िला मुख्यालय चंबा के समीप स्थित हरिपुर पंचायत को आदर्श ग्राम पंचायत के रूप में चयनित किया गया है। इस योजना के तहत हरिपुर पंचायत को एक करोड़ रुपये की अनुदान राशि उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि इसे आदर्श सोलर गांव के रूप में विकसित किया जा सके।

यह जानकारी उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में आयोजित जिला स्तरीय समिति की बैठक के दौरान दी। उन्होंने बताया कि इस राशि का उपयोग पंचायत में सौर ऊर्जा के विस्तार और सोलर पावर प्लांट की स्थापना के लिए किया जाएगा। इसके लिए उन्होंने परियोजना अधिकारी हिम ऊर्जा को विस्तृत परियोजना प्रस्ताव (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए।

उपायुक्त ने संबंधित विभागों को यह भी कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुँचाने के लिए प्रचार सामग्री तैयार की जाए और उसे खंड विकास अधिकारियों के माध्यम से गांव-गांव तक पहुँचाया जाए। साथ ही ग्राम पंचायत हरिपुर को निर्देश दिए गए कि आगामी ग्राम सभा की बैठक में इस विषय को प्रमुखता से चर्चा के लिए रखा जाए।

बैठक की कार्यवाही का संचालन परियोजना अधिकारी (ऊर्जा) शशिकांत डोगरा ने किया। उन्होंने योजना के विभिन्न पहलुओं और इसके लाभों की विस्तारपूर्वक जानकारी भी समिति के समक्ष रखी।

इस अवसर पर समिति के गैर-सरकारी सदस्यों में जिला कृषि उपज एवं विपणन समिति के अध्यक्ष ललित ठाकुर, ग्राम पंचायत उदयपुर के प्रधान ओंकार सिंह, करियां पंचायत से दीपक राणा, सरोल से विजय कुमार, साहू-पधर से पूजा शर्मा और हरिपुर से पूजा कुमारी मौजूद रहे। वहीं सरकारी सदस्यों में अधिशासी अभियंता विद्युत प्रवेश ठाकुर और खंड विकास अधिकारी महेश ठाकुर भी उपस्थित रहे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!