भोरंज में ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम, धमरोला गांव के संपर्क मार्ग का भूमि पूजन, विकास कार्यों की झड़ी

भोरंज में ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम, धमरोला गांव के संपर्क मार्ग का भूमि पूजन, विकास कार्यों की झड़ी

हमीरपुर 09 फरवरी चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

भोरंज विधानसभा क्षेत्र के विधायक सुरेश कुमार ने सोमवार को ग्राम पंचायत खरवाड़ के गांव धमरोला में आयोजित ‘विधायक आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत क्षेत्रवासियों को कई विकासात्मक सौगातें दीं। इस अवसर पर उन्होंने गांव के संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का विधिवत भूमि पूजन किया और स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना।विधायक सुरेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि धमरोला गांव के संपर्क मार्ग के लिए विधायक क्षेत्र विकास निधि से प्रथम किश्त के रूप में 7 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस सड़क निर्माण में जितनी भी धनराशि की आवश्यकता होगी, उसे चरणबद्ध तरीके से उपलब्ध करवाया जाएगा और बजट की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। इसके साथ ही उन्होंने गांव में पुलिया निर्माण के लिए 3 लाख रुपये तथा मोक्षधाम की शैड के लिए 1 लाख रुपये देने की घोषणा की।उन्होंने बताया कि गांव जख्योल (मंझला वास) की सड़क के लिए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके अलावा, इसी गांव के मोक्षधाम के लिए 1.50 लाख रुपये, गांव रमेहड़ा में निर्मित पेयजल ओवरहेड टैंक के लिए एक माह के भीतर पाइपलाइन बिछाने और गांव लोहारवीं की सड़क को पक्का करने की भी घोषणा की गई।

विधायक सुरेश कुमार ने कहा कि पिछले तीन वर्षों के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की नई विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं, जिससे यह क्षेत्र पूरे प्रदेश में एक आदर्श विधानसभा क्षेत्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू को देते हुए कहा कि उनके सहयोग और मार्गदर्शन से ही क्षेत्र में निरंतर विकास संभव हो पा रहा है।कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्थानीय लोगों की विभिन्न समस्याओं और मांगों की सुनवाई की तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित समाधान के निर्देश दिए। कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विजय बन्याल, महिला कांग्रेस की सुशीला शर्मा, ग्राम पंचायत खरवाड़ की निवर्तमान प्रधान भागां देवी, पंचायत सदस्य रामप्यारी देवी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!