अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर देवता उप-समिति की बैठक आयोजित

अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 की तैयारियों को लेकर देवता उप-समिति की बैठक आयोजित

मण्डी 17 जनवरी चम्बा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)

अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव-2026 के सफल आयोजन को लेकर आज डीआरडीए हाल, मंडी में देवता उप-समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप-समिति के संयोजक एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने की। बैठक में महोत्सव के दौरान देवी-देवताओं के स्वागत, ठहराव, सुविधाओं एवं परंपराओं के निर्वहन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी डॉ. मदन कुमार ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव देव समागम का एक अनूठा पर्व है, जो मंडी जनपद की समृद्ध देव संस्कृति और परंपराओं को दर्शाता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि महोत्सव में आने वाले सभी देवी-देवताओं का पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सम्मानपूर्वक स्वागत सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक समितियों का गठन किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि इस महोत्सव की असली शोभा देवी-देवताओं से है और देव परंपराओं के निर्वहन में किसी भी स्तर पर कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।उन्होंने जानकारी दी कि पड्डल मेला मैदान में पहली बार देवी-देवताओं के बैठने हेतु पैगोड़ा शैली के 85 अस्थायी शिविर स्थापित किए जाएंगे। संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि देवी-देवताओं के ठहराव स्थलों पर बिजली, पानी और स्वच्छता की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। नगर निगम को संस्कृति सदन में अतिरिक्त कूड़ेदान लगाने तथा पानी की टंकियों से जल की बर्बादी रोकने के निर्देश भी दिए गए।अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी ने कहा कि महोत्सव के दौरान विद्युत आपूर्ति बाधित न हो, इसके लिए समय रहते मरम्मत कार्य पूरे किए जाएं। लोक निर्माण विभाग को चल रहे निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने और सड़कों के किनारे पड़ी सामग्री हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभागों को नोडल अधिकारी नियुक्त करने को कहा गया, ताकि बिजली और पानी से जुड़ी समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।उन्होंने बताया कि देवी-देवताओं के ठहराव स्थलों पर स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ किया जाएगा।

देवलुओं की सुविधा के लिए श्री माधोराय मंदिर परिसर में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया जाएगा। आमजन से यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान भी किया गया। उन्होंने कहा कि शाही जलेब निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार निकाली जाएंगी और सभी देव परंपराओं का पूर्ण पालन किया जाएगा।बैठक में सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने देवी-देवताओं और देवलुओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे। बैठक में एसडीएम सदर रुपिंदर कौर, आईएएस परिवीक्षाधीन अधिकारी डॉ. मनु वर्मा, जिला राजस्व अधिकारी हरीश कुमार, वरिष्ठ अधिशासी अभियंता विद्युत राजेश कुमार, जिला भाषा अधिकारी रेवती सैनी सहित देवता उप-समिति के सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्य उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!