चंबा में बारिश से प्रभावित सेवाओं की बहाली युद्धस्तर पर, उपायुक्त स्वयं कर रहे निगरानी

चंबा, 1 सितंबर मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारी बारिश से बाधित हुई जन सुविधाओं की बहाली के लिए जिला चंबा प्रशासन लगातार युद्धस्तर पर कार्य कर रहा है। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की विशेष निगरानी में विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात फील्ड में जुटे हुए हैं। खराब मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद बिजली, पानी और सड़क सेवाओं की बहाली में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है।उपायुक्त स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और कार्यरत कर्मचारियों को दिशा-निर्देश व मार्गदर्शन प्रदान कर रहे हैं। वे अधिकारियों का हौसला बढ़ाने के साथ-साथ उनकी सुरक्षा और आवश्यक सुविधाओं पर भी विशेष ध्यान दे रहे हैं।विद्युत आपूर्ति को लेकर अधीक्षण अभियंता राजीव ठाकुर ने बताया कि जिले के 80% से अधिक ट्रांसफार्मर चालू कर दिए गए हैं। धरवाला स्थित 33 केवीए सब-स्टेशन भी बहाल हो चुका है, जिससे लगभग 85 ट्रांसफार्मरों के माध्यम से बिजली आपूर्ति शुरू हो गई है।

उन्होंने आश्वस्त किया कि आज शाम तक 50 अन्य ट्रांसफार्मरों को भी चालू कर दिया जाएगा।लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता दिवाकर सिंह पठानिया के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग 154-ए सहित सभी प्रमुख व ग्रामीण सड़क मार्गों की बहाली के लिए विभाग के कर्मचारी लगातार कार्य कर रहे हैं। वहीं जल शक्ति विभाग की अधीक्षण अभियंता राजेश मोंगरा ने बताया कि अधिकतर पेयजल योजनाओं को आंशिक रूप से चालू कर दिया गया है, जबकि शेष क्षेत्रों में आपूर्ति बहाल करने के लिए विभाग की टीमें सक्रिय हैं।जिला प्रशासन का दावा है कि निरंतर प्रयासों से अधिकांश क्षेत्रों में आवश्यक सेवाएं बहाल हो चुकी हैं और शेष में जल्द ही स्थिति सामान्य कर दी जाएगी। प्रशासन ने जनता से धैर्य बनाए रखने की अपील की है।