स्वास्थ्य कारणों के चलते सोनू ठाकुर ने दिया इस्तीफा, चम्बा आम आदमी पार्टी को झटका

चंबा, 6अगस्त मुकेश कुमार ( गोल्डी)
स्वास्थ्य कारणों और समय की कमी का हवाला देते हुए आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष सोनू ठाकुर ने आज अपने अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया है। उनके इस फैसले को पार्टी के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है, विशेष रूप से उस समय जब पहले ही पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और कार्यकर्ता सामूहिक रूप से इस्तीफा दे चुके हैं।गौरतलब है कि इससे पहले प्रदेश प्रवक्ता मनीष सरीन, वरिष्ठ कार्यकर्ता राजेश चौबीयाल, इच्छाराम टंडन, योगराज महाजन सहित कई अन्य कार्यकर्ता भी पार्टी छोड़ चुके हैं। ऐसे में सोनू ठाकुर का इस्तीफा पार्टी के भीतर चल रही अंदरूनी कलह और असंतोष को उजागर करता प्रतीत होता है।हालांकि, जब इस बारे में सोनू ठाकुर से संपर्क किया गया, तो उन्होंने इन अटकलों का खंडन करते हुए साफ किया कि उनका इस्तीफा पूरी तरह से निजी कारणों से प्रेरित है। उन्होंने कहा, “मैं शारीरिक रूप से पूर्णतः स्वस्थ नहीं हूं और पार्टी के कार्यों को प्रभावी ढंग से निभा पाने में असहज महसूस कर रहा हूं। संगठन ने मुझे जो सम्मान और जिम्मेदारी दी, उसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगा। यह फैसला संगठन की निरंतरता और मजबूती के लिए लिया गया है।”उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह केवल पद छोड़ रहे हैं, संगठन के प्रति उनकी निष्ठा बनी रहेगी। साथ ही उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय बड़े लक्ष्य की पूर्ति के लिए आवश्यक था।सोनू ठाकुर ने यह भी बताया कि उनके स्थान पर अब जिला अध्यक्ष के रूप में अजय अटवाल को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।