होली पर भी जारी रहा नशे के खिलाफ अभियान, 4.664 किलो चरस सहित दो गिरफ्तार

डलहौजी/चम्बा 04 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
जहां एक ओर पूरा देश रंगों के पर्व होली के उल्लास में डूबा हुआ है, वहीं हिमाचल प्रदेश पुलिस नशे के खिलाफ अपने अभियान को लेकर पूरी तरह सतर्क और सक्रिय नजर आई। नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिला चंबा में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया है।जानकारी के अनुसार, बीती रात NH-154A पर डलहौजी क्षेत्र में गश्त और नाकाबंदी के दौरान पुलिस टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन जांच की जा रही थी। यह कार्रवाई DySP/SDPO डलहौजी मयंक शर्मा के नेतृत्व में की गई। इसी दौरान अस्थायी नंबर की एक टैक्सी में सवार दो व्यक्तियों को शक के आधार पर रोका गया। संदेह गहराने पर वाहन की तलाशी एनडीपीएस अधिनियम के प्रावधानों के तहत विधिवत प्रक्रिया अपनाते हुए ली गई।तलाशी के दौरान दोनों आरोपियों के कब्जे से 4 किलोग्राम 664 ग्राम चरस (कैनाबिस) बरामद की गई। पुलिस ने मौके पर ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान राम दयाल पुत्र मान सिंह और बालक राम पुत्र हीरा लाल, दोनों निवासी ग्राम भराडा, डाकघर टिकरीगढ़, तहसील चुराह, जिला चंबा (हि.प्र.) के रूप में हुई है।

मामले की पुष्टि पुलिस अधीक्षक चंबा विजय कुमार सकलानी ने करते हुए बताया कि नशे के खिलाफ चंबा पुलिस का अभियान लगातार जारी है और इसमें किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। उन्होंने कहा कि दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत पुलिस थाना डलहौजी में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। आरोपियों को माननीय अदालत में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशा तस्करी के विरुद्ध यह अभियान भविष्य में भी निरंतर जारी रहेगा।