
चम्बा में 68 वर्षीय व्यक्ति से 1 किलो 612 ग्राम चरस बरामद, पुलिस ने किया गिरफ्तार
चंबा 14 मार्च मुकेश कुमार (गोल्डी)
नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान के अंतर्गत थाना सदर के पुलिस दल ने चंबा-भरमौर मार्ग पर एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए 68 वर्षीय व्यक्ति से 1.612 किलोग्राम चरस बरामद की है। आरोपी की पहचान अमरो राम पुत्र हरदयाल निवासी गांव कलुण, डाकघर कीड़ी, तहसील एवं जिला चंबा के रूप में हुई है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह कार्रवाई नियमित गश्त और तलाशी अभियान के दौरान की गई। पुलिस टीम जब जांघी क्षेत्र में चंबा-भरमौर रोड पर तैनात थी, तभी उन्होंने संदेह के आधार पर आरोपी को रोका और उसकी तलाशी ली।

तलाशी के दौरान उसके पास से कुल 1 किलो 612 ग्राम चरस बरामद की गई। मौके पर ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने इस मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी को कोर्ट में पेश किया जाएगा और आगे की जांच जारी है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी यह चरस कहां से लेकर आया था और इसे कहां सप्लाई करने वाला था।बता दें कि पुलिस प्रशासन चम्बा लगातार नशे के खिलाफ सख्त कदम उठा रहा है और इस प्रकार के मामलों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। आम जनता से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें कहीं नशा तस्करी या अवैध गतिविधियों की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।