चम्बा में पत्नी ने डंडे से पीट-पीट कर की पति की हत्या, मामला दर्ज पुलिस जांच में जुटी

चम्बा 4 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
चंबा जिले के मुगला मोहल्ले में पारिवारिक विवाद के चलते पत्नी द्वारा पति की हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी के बाद हुए झगड़े में पत्नी ने डंडे से पीट-पीट कर अपने पति की जान ले ली। पुलिस ने मृतक की भाभी की शिकायत पर मामला दर्ज कर आरोपी पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।घटना गुरुवार रात की है, जब मुगला मोहल्ले के निवासी केवल राम और उसकी पत्नी हेमलता के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। यह विवाद धीरे-धीरे बढ़कर हाथापाई में बदल गया। गुस्से में आकर हेमलता ने केवल राम पर डंडे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। चोट लगने के बाद भी उसे अस्पताल नहीं ले जाया गया।गुरुवार सुबह हेमलता उसे गंभीर हालत में छोड़कर अपने काम पर चली गई। इसी दौरान केवल राम की मौत हो गई। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। सदर पुलिस थाना की टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा की मोर्चरी में रखवा दिया। शव का पोस्टमार्टम आज किया जाएगा।इस मामले की जांच के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी शुक्रवार को घटनास्थल पर बुलाया गया है। एएसपी शिवानी मेहला ने घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया, जबकि एसपी चंबा अभिषेक यादव ने घटना की पुष्टि की है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपी पत्नी से पूछताछ जारी है।