जनजातिय क्षेत्र भरमौर के ब्रेही में खाई में गिरने से युवक की मौत, गांव में शोक की लहर

भरमौर / चम्बा 15 अप्रैल मुकेश कुमार (गोल्डी)
भरमौर उपमंडल की ग्राम पंचायत ब्रेही में बीते कल सोमवार रात को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें 36 वर्षीय अजय कुमार की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। अजय कुमार, गांव ब्रेहला का निवासी था और कौड़ी प्रतियोगिता खेलकर देर रात करीब 10 बजे अपने घर लौट रहा था। जानकारी के अनुसार, घर से कुछ ही दूरी पर उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरी खाई में जा गिरा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।स्थानीय लोगों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक अजय की सांसें थम चुकी थीं। अजय कुमार अपने पीछे पत्नी, एक बेटा और एक बेटी को छोड़ गया है। दुखद बात यह है कि इस हादसे की सूचना परिजनों ने पुलिस को नहीं दी और न ही कोई मामला दर्ज करवाया गया है।ग्राम पंचायत बरेही के प्रधान राकेश ठाकुर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि यह हादसा रात को हुआ और अजय की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है। उधर, पुलिस चौकी गैहरा का कहना है कि उन्हें अब तक इस हादसे की कोई जानकारी नहीं मिली है।