चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा सेईकोठी विद्यालय में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन

चंबा, 14 मई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा की ओर से राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेईकोठी, तहसील चुराह में एक विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों, सुरक्षा और उपलब्ध सहायता सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम में विद्यालय की कार्यकारी प्रधानाचार्य दीपशिखा अध्यापक दिलीप ठाकुर, लेख राज सहित अन्य शिक्षकगण विशेष रूप से उपस्थित रहे। चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा के परियोजना समन्वयक कपिल शर्मा ने कार्यक्रम का संचालन किया और बच्चों व शिक्षकों को चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा दी जाने वाली सेवाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की।कपिल शर्मा ने बच्चों को बताया कि चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 एक निःशुल्क, 24 घंटे सक्रिय सेवा है, जो अनाथ, अर्ध-अनाथ, दिव्यांग, शोषित, यौन उत्पीड़न के शिकार तथा बाल मजदूरी में फंसे बच्चों को सहायता प्रदान करती है।

उन्होंने बाल विवाह, बाल मजदूरी तथा नशे की प्रवृत्ति के दुष्परिणामों पर भी प्रकाश डाला और बच्चों को इनसे दूर रहने तथा अपने आसपास यदि ऐसी कोई स्थिति दिखाई दे तो 1098 पर सूचना देने के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर बच्चों को जीवन में लक्ष्य निर्धारण, सकारात्मक सोच अपनाने और आत्म-विश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों से संवाद कर उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया गया।अध्यापक दिलीप ठाकुर ने सोशल मीडिया के प्रयोग के लाभ एवं हानियों पर बच्चों को जागरूक किया और उन्हें इंटरनेट की सुरक्षित उपयोगिता समझाई।कार्यक्रम के समापन पर कार्यकारी प्रधानाचार्य दीपशिखा ने रोजगार कार्यालय व चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा का आभार प्रकट करते हुए ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।इस जागरूकता कार्यक्रम में स्कूल के लगभग 150 विद्यार्थियों ने भाग लिया और इसे अत्यंत उपयोगी एवं प्रेरणादायक अनुभव बताया।