एनएचपीसी लिमिटेड चमेरा-।। पावर स्टेशन द्वारा भूकंप एवं बाढ़ से निपटने हेतु मॉकड्रिल का आयोजन आज

एनएचपीसी लिमिटेड चमेरा-।। पावर स्टेशन द्वारा भूकंप एवं बाढ़ से निपटने हेतु मॉकड्रिल का आयोजन आज

चंबा, 15 मई मुकेश कुमार गोल्डी

एनएचपीसी लिमिटेड चमेरा-।। पावर स्टेशन द्वारा प्राकृतिक आपदाओं से निपटने की तत्परता को परखने एवं सुधारने के उद्देश्य से आज दिनांक 15 मई 2025 को प्रात: 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक एक वृहद मॉकड्रिल का आयोजन किया जा रहा है। इस अभ्यास में विशेष रूप से भूकंप और बाढ़ जैसी आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने की रणनीतियों और व्यवस्थाओं का परीक्षण किया जाएगा।मॉकड्रिल के दौरान क्षेत्र में बार-बार सायरन बजाए जाएंगे और सार्वजनिक उद्घोषण (अनाउंसमेंट) किए जाएंगे, ताकि वास्तविक आपदा की स्थिति का सजीव अनुभव कराया जा सके। आम नागरिकों से अनुरोध किया गया है कि वे इस प्रक्रिया के दौरान घबराएं नहीं, क्योंकि यह केवल एक पूर्व नियोजित अभ्यास है, जिसका उद्देश्य आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी प्रतिक्रिया की क्षमता का आकलन करना है।

इस अभ्यास में एनएचपीसी के अधिकारियों के साथ-साथ स्थानीय प्रशासन, पुलिस विभाग, अग्निशमन सेवा, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य आपदा प्रबंधन एजेंसियों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है। संभावित आपदा के दौरान लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाना, प्राथमिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करना, संचार माध्यमों को सुचारु बनाए रखना एवं बचाव कार्यों का समन्वय करना इस मॉकड्रिल के मुख्य घटक होंगे।एनएचपीसी चमेरा-।। पावर स्टेशन के अधिकारियों ने जानकारी दी कि ऐसी मॉकड्रिल का उद्देश्य न केवल संस्थागत तैयारियों को मजबूत करना है, बल्कि स्थानीय नागरिकों को भी आपदा प्रबंधन के प्रति जागरूक करना है।यह पहल आपदा के समय होने वाली क्षति को न्यूनतम करने में सहायक सिद्ध होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!