तीसरे शनिवार को शिक्षण संस्थानों में आयोजित होंगी चुनावी साक्षरता गतिविधियां, उपायुक्त चंबा मुकेश रेपसवाल

चंबा, 15 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के तहत चंबा जिला के सभी शिक्षण संस्थानों में चुनावी साक्षरता क्लब (Electoral Literacy Club – ELC) का गठन किया गया है। यह जानकारी उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी मुकेश रेपसवाल ने दी। उन्होंने बताया कि इन क्लबों के माध्यम से युवाओं को मतदान की प्रक्रिया, मतदाता पंजीकरण और लोकतांत्रिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया जाएगा।उपायुक्त ने बताया कि युवाओं में चुनावी जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से प्रत्येक माह के तीसरे शनिवार को सभी शिक्षण संस्थानों में ELC गतिविधियों का आयोजन अनिवार्य रूप से किया जाएगा। इस दिशा में सभी संबंधित संस्थानों में नियुक्त नोडल अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश जारी कर दिए गए हैं।मुकेश रेपसवाल ने बताया कि ELC का मुख्य उद्देश्य युवाओं को 18 वर्ष की आयु पूर्ण करते ही मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करना है, ताकि वे समय रहते लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित कर सकें। इसके साथ ही उन्हें मतदाता पहचान पत्र, ईवीएम (इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन), वीवीपैट (वोटर वेरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल) और चुनावी प्रक्रिया से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की जाएंगी।उन्होंने कहा कि इन गतिविधियों के माध्यम से छात्र न केवल अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग बनेंगे, बल्कि अपने परिवार और समुदाय में भी चुनावी जागरूकता फैलाने में अहम भूमिका निभाएंगे।इस पहल का उद्देश्य दीर्घकालीन रूप से एक जागरूक और उत्तरदायी मतदाता समाज का निर्माण करना है।