हिप्र बोर्ड 10वीं का 79.08% रिजल्ट घोषित: कांगड़ा की सायना ठाकुर ने 99.46% अंक लेकर किया टॉप, मेरिट में छात्राओं का दबदबा

हिप्र बोर्ड 10वीं का 79.08% रिजल्ट घोषित: कांगड़ा की सायना ठाकुर ने 99.46% अंक लेकर किया टॉप, मेरिट में छात्राओं का दबदबा

कांगड़ा 16 मई चंबा न्यूज़ एक्सप्रेस (ब्यूरो)


हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड (HPSEB) ने 10वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया है। इस बार कुल परिणाम 79.08% रहा, जो पिछले वर्ष की तुलना में 5.19% अधिक है। परीक्षा में कांगड़ा जिले के न्यूगल मॉडल पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, भवरना की छात्रा सायना ठाकुर ने 700 में से 696 अंक (99.46%) प्राप्त कर पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया है।

सोलन के आरके पब्लिक स्कूल, घंडलविन की रिधिमा शर्मा ने 695 अंक (99.29%) प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। बिलासपुर के मॉडर्न पब्लिक स्कूल, स्वर्गघाट की मुदिता शर्मा और मिनर्वा सीनियर सेकेंडरी स्कूल, घुमारवीं की पर्निका शर्मा ने 694 अंक (99.14%) हासिल कर संयुक्त रूप से तीसरा स्थान प्राप्त किया।

इस वर्ष मेरिट लिस्ट में कुल 117 छात्र शामिल हुए, जिनमें 88 छात्राएं और 29 छात्र हैं। पहले सात स्थानों पर केवल छात्राओं ने कब्जा जमाया है, जिससे इस बार छात्राओं का वर्चस्व साफ झलकता है।

रिजल्ट में प्राइवेट स्कूलों का प्रदर्शन एक बार फिर सरकारी स्कूलों से बेहतर रहा है। टॉप-10 की मेरिट लिस्ट में 97 छात्र निजी स्कूलों से हैं, जबकि केवल 20 छात्र ही सरकारी स्कूलों से स्थान बना पाए।

परीक्षा में कुल 95,495 छात्र सम्मिलित हुए, जिनमें से 75,862 छात्र पास हुए, जबकि 13,574 छात्र फेल हो गए। 5,563 छात्रों की कंपार्टमेंट आई है। इस बार लड़कियों का पास प्रतिशत 82.08% रहा, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 77.64% रहा।

डीसी कांगड़ा एवं बोर्ड अध्यक्ष हेमराज बैरवा ने कहा कि इस बार प्रदेश भर में 2,300 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे और शिक्षा बोर्ड छात्रों को कंपार्टमेंट परीक्षा का अवसर देगा।
रिजल्ट के अनुसार राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता और छात्राओं की भागीदारी में लगातार सुधार हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!