राजकीय उच्च विद्यालय जटकरी का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट, विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

राजकीय उच्च विद्यालय जटकरी का परीक्षा परिणाम उत्कृष्ट, विद्यार्थियों का हुआ सम्मान

चम्बा 16 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)


राजकीय उच्च विद्यालय जटकरी में 15 मई को घोषित दसवीं कक्षा के परीक्षा परिणाम के उपलक्ष्य में 16 मई को एक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के मुख्याध्यापक पंकज कपूर ने परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विद्यालय में आमंत्रित कर उन्हें मिठाई खिलाई और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

मुख्याध्यापक कपूर ने बताया कि इस वर्ष विद्यालय का कुल परीक्षा परिणाम 86.36% रहा, जो कि विद्यालय के विद्यार्थियों और शिक्षकों की सतत मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने सभी शिक्षकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी और विद्यार्थियों की मेहनत की सराहना की।

दसवीं कक्षा में कुल 22 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिनमें से 19 विद्यार्थी सफल हुए हैं। सभी उत्तीर्ण विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में पास हुए हैं। तीन विद्यार्थियों को ग्रेस के आधार पर कंपार्टमेंट दी गई है।

परीक्षा परिणाम में प्रथम स्थान पर छात्रा इन्दू रानी रहीं, जिन्होंने 700 में से 640 अंक प्राप्त किए। द्वितीय स्थान पर माही चौहान रहीं, जिन्होंने 626 अंक प्राप्त किए, वहीं तृतीय स्थान सागर राणा ने 591 अंकों के साथ प्राप्त किया।

कपूर ने कहा कि यह परीक्षा परिणाम विद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता को दर्शाता है। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी तरह मेहनत करने की प्रेरणा दी।

इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और वातावरण में उत्साह और प्रसन्नता की लहर देखने को मिली। यह आयोजन विद्यार्थियों के मनोबल को बढ़ाने और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करने वाला रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!