राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा का परीक्षा परिणाम रहा सराहनीय, बेटियों ने मनवाया अपना लोहा

डलहौजी/चंबा 17मई मुकेश कुमार (गोल्डी )
हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित वार्षिक परीक्षा परिणामों में राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बलेरा ने शानदार प्रदर्शन किया है। विद्यालय की बारहवीं कक्षा का कुल परिणाम सराहनीय रहा, जिसमें 18 विद्यार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इनमें से 10 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी में और 2 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।बारहवीं कक्षा की मेरिट सूची में इशिका ने 417 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। तृषा ने 398 अंक लेकर द्वितीय स्थान और नीलाक्षी ने 370 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त किया।

यह परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय प्रशासन के सतत प्रयासों का प्रतिफल है।इसी प्रकार, विद्यालय की दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम भी अत्यंत सराहनीय रहा। कुल 27 विद्यार्थियों में से 19 विद्यार्थियों ने प्रथम श्रेणी में सफलता प्राप्त की, जबकि 2 विद्यार्थी द्वितीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए।दसवीं कक्षा में आरुषि और दिव्यांशी ने 603 अंकों के साथ संयुक्त रूप से प्रथम स्थान प्राप्त किया। स्नेहा ने 574 अंक लेकर द्वितीय स्थान और सिमरन ने 564 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री जगजीत आज़ाद ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सभी विद्यार्थियों को हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने इस सफलता का श्रेय विद्यालय की कर्मठ अध्यापक टीम, मेहनती विद्यार्थियों तथा उनके अभिभावकों को दिया है। साथ ही उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।