“अपना विद्यालय” योजना के अंतर्गत 400 विद्यालयों को गोद लिया गया :- उपनिदेशक भाग सिंह

चंबा, 18 मई मुकेश कुमार ( गोल्डी)
जिला चंबा में शिक्षा की गुणवत्ता को सशक्त बनाने की दिशा में “अपना विद्यालय योजना” के तहत अब तक लगभग 400 विद्यालयों को गोद लिया जा चुका है। यह संख्या जिले के कुल विद्यालयों का लगभग 25 प्रतिशत है। यह पहल “द हिमाचल स्कूल एडॉप्शन प्रोग्राम” के अंतर्गत चलाई जा रही है, जिसका उद्देश्य शैक्षणिक स्तर को सुधारना और विद्यार्थियों में आत्मविश्वास तथा प्रेरणा का संचार करना है।
जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी जैसे कि जिलाधीश मुकेश रेपसवाल, अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी अमित मैहरा, उपमंडलाधिकारी प्रियांशु खाती, एसी टू डीसी पृथ्वी पाल सिंह सहित कई अन्य अधिकारियों ने व्यक्तिगत रूप से विद्यालयों को गोद लिया है। साथ ही शिक्षा विभाग के उपनिदेशक (उच्च शिक्षा) भाग सिंह, उपनिदेशक (प्रा० शिक्षा) बलबीर सिंह, ओएसडी उमाकान्त आनंद, प्रधानाचार्य, खंड शिक्षा अधिकारी तथा अन्य विभागों के अधिकारी भी इस मुहिम से जुड़े हैं।
उपनिदेशक भाग सिंह और बलबीर सिंह ने बताया कि योजना का उद्देश्य विद्यार्थियों को न केवल बेहतर शैक्षणिक वातावरण देना है, बल्कि उन्हें जीवन में सफल नागरिक बनाने हेतु प्रेरित करना भी है। उन्होंने सभी अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कर्मचारियों और सामाजिक संस्थाओं से आह्वान किया कि वे किसी विद्यालय को गोद लेकर विद्यार्थियों से संवाद करें और अपने अनुभव साझा करें।
खेल, कला, संगीत, चित्रकला, कौशल विकास और करियर मार्गदर्शन से जुड़े व्यक्ति भी इस पहल में भाग लेकर विद्यार्थियों को लाभ पहुंचा सकते हैं। इच्छुक लोग खंड शिक्षा अधिकारियों या परियोजना अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।