कक्रोटी पंचायत में जंगल की आग से भारी नुकसान, राहत कार्यों मे जुटा वन विभाग

कक्रोटी पंचायत में जंगल की आग से भारी नुकसान, राहत कार्यों मे जुटा वन विभाग

भटीयात/चुवाडी़18 मई बबलू पठानिया

चंबा जिला की भटियात उपमंडल स्थित कक्रोटी पंचायत के जंगलों में लगी आग से क्षेत्र की प्राकृतिक संपदा को भारी नुकसान पहुंचा है। जंगलों में फैली इस आग की चपेट में आकर अनेक दुर्लभ वनस्पतियाँ, छोटे जीव-जंतु तथा बहुमूल्य पेड़-पौधे नष्ट हो गए हैं। आग की गंभीरता को देखते हुए वन रक्षक बीट लोढर, वन कर्मचारी तथा वन मित्र मौके पर पहुंचकर तुरंत बचाव कार्यों में जुट गए हैं।

स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन और वन विभाग के साथ मिलकर आग बुझाने के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी दिखाई। ग्रामीणों ने बाल्टी, फावड़े और झाड़ियों की सहायता से आग पर काबू पाने का भरसक प्रयास किया। हालांकि कठिन भू-भौगोलिक परिस्थितियाँ और तेज़ हवाओं के कारण आग बुझाने में लगातार चुनौतियाँ आ रही हैं।

वन विभाग ने प्रारंभिक जांच और आकलन के आधार पर बताया कि आगजनी से क्षेत्र को गहरा पर्यावरणीय नुकसान हुआ है। विभाग की टीमें आग के कारणों की जांच करने के साथ-साथ आग से हुए नुकसान का मूल्यांकन भी कर रही हैं।

वन अधिकारी का कहना है कि ठिकरी पहरा (रात्रि निगरानी) की प्रभावशीलता पर भी सवाल उठ रहे हैं, क्योंकि समय रहते आग लगने की जानकारी नहीं मिल पाई। विभाग अब स्थानीय समुदाय को आगजनी की घटनाओं से निपटने के लिए अधिक जागरूक और प्रशिक्षित करने की योजना बना रहा है।

इस घटना ने फिर एक बार जंगलों की सुरक्षा और सामुदायिक सहभागिता की आवश्यकता को उजागर कर दिया है। वन विभाग का कहना है कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया गया होता, तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!