चंबा-पठानकोट रूट पर हिमाचल पथ परिवहन निगम बस की खराब, यात्रियों को झेलनी पड़ी परेशानी

डलहौजी चंबा 19 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) की बसें अक्सर अपने निर्धारित रूट पर तकनीकी खराबियों का शिकार हो रही हैं, और यह कोई नई बात नहीं रही है। खासकर चंबा डिपो की बसें आए दिन रास्ते में खराब होकर यात्रियों को परेशानी में डाल रही हैं। इस समस्या को लेकर कई बार स्थानीय लोग व समाजसेवी चंबा क्षेत्रीय कार्यालय को लिखित और मौखिक रूप से अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक निगम की ओर से कोई ठोस कदम उठाते नहीं देखा गया है।

इसी क्रम में सोमवार को चंबा से पठानकोट की ओर जा रही बस एचपी 73-7827 मलुड़ा के समीप बाथरी और बनीखेत के बीच अचानक तकनीकी खराबी के कारण रुक गई। बस में सवार यात्रियों को चिलचिलाती धूप में काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। खास तौर पर उन बीमार यात्रियों को अधिक कठिनाई हुई जो इलाज के लिए पठानकोट जा रहे थे। बस के खराब हो जाने से सभी यात्री परेशान और असहाय महसूस कर रहे थे।स्थानीय स्तर पर एक मैकेनिक को बुलाकर काफी प्रयासों के बाद बस को कुछ समय में ठीक कर आगे रवाना किया गया, लेकिन तब तक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय जनता का कहना है कि निगम को चाहिए कि वह बसों के नियमित रखरखाव पर ध्यान दे और खराब हो रही बसों की जांच समय-समय पर सुनिश्चित करे।यदि निगम समय रहते इस पर ध्यान नहीं देता है, तो भविष्य में किसी गंभीर दुर्घटना की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। जनता ने इस ओर शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।