ग्राम पंचायत नगाली में पांच दिन बाद बहाल हुई बिजली आपूर्ति, ग्रामीणों में गहराया रोष

डलहौजी/चंबा 19 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
विकासखंड भटियात की ग्राम पंचायत नगाली में पांच दिनों के लंबे इंतजार के बाद बिजली आपूर्ति सेवा बहाल हो सकी है। बार-बार बिजली सेवा ठप होने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि यह समस्या कोई नई नहीं है, बल्कि वर्षों से यही स्थिति बनी हुई है। कभी ट्रांसफार्मर खराब हो जाता है, तो कभी बिजली की तारे टूटकर गिर जाती हैं, जिससे आपूर्ति ठप हो जाती है।ग्राम पंचायत नगाली दो विधानसभा क्षेत्रों – भटियात और डलहौजी – में विभाजित है। ग्रामीणों का आरोप है कि ना तो भटियात के विधायक और विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया और ना ही डलहौजी के विधायक डी.एस. ठाकुर इस गंभीर समस्या की ओर ध्यान दे रहे हैं। पंचायत प्रतिनिधियों ने बताया कि उन्होंने कई बार बिजली विभाग को लिखित एवं मौखिक रूप से इस समस्या से अवगत करवाया है, लेकिन विभाग की ओर से स्थाई समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।स्थानीय ग्रामीणों राकेश, राजेश, उत्तम, भक्तोराम, मीणा, सुनिधि, अनीश, विक्रम, सुरेश, रमेश और गौरव ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग की उदासीनता के कारण उन्हें बार-बार परेशानी का सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि क्षेत्र में स्थापित ट्रांसफार्मर जर्जर हालत में हैं और बिजली की तारे भी खंबों पर उचित तरीके से नहीं डाली गई हैं। अधिकांश तारें जुगाड़ू ढंग से गुजारी गई हैं, जो मामूली हवा में भी शॉर्ट सर्किट कर जाती हैं और बिजली सेवा ठप हो जाती है।इस संबंध में स्थानीय सहायक अभियंता इंद्रजीत सिंह ने बताया कि विभाग समस्या से अवगत है और इसका स्थाई समाधान निकालने की दिशा में कार्य चल रहा है। जल्द ही इस समस्या से ग्रामीणों को राहत मिल सकेगी। ग्रामीणों को अब इस कार्य की प्रगति और इसके परिणाम का इंतजार है।