केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री का चंबा दौरा, योजनाओं की समीक्षा व लाभार्थियों से करेंगे संवाद

डलहौजी/चंबा, 22 मई मुकेश कुमार (गोल्डी)
केंद्रीय ग्रामीण विकास राज्य मंत्री कमलेश पासवान 23 मई को जिला चंबा के एक दिवसीय प्रवास पर आ रहे हैं। यह जानकारी देते हुए विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि मंत्री 23 मई को सायं साढ़े चार बजे सर्किट हाउस डलहौजी पहुंचेंगे, जहां उनका रात्रि विश्राम निर्धारित है।
अपने प्रवास के दौरान, केंद्रीय मंत्री 24 मई को प्रातः 11 बजे प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), लखपति दीदी योजना तथा अन्य ग्रामीण विकास योजनाओं के अंतर्गत लाभ प्राप्त कर चुके लाभार्थियों से संवाद करेंगे। इस दौरान वे लाभार्थियों के अनुभव, सुझाव व योजनाओं के प्रभाव की जानकारी प्राप्त करेंगे। यह वार्तालाप सर्किट हाउस डलहौजी में संपन्न होगा।
इसके पश्चात दोपहर 12 बजे मंत्री कमलेश पासवान जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण), प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन जैसी प्रमुख योजनाओं की प्रगति की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में योजनाओं के क्रियान्वयन, चुनौतियों और भविष्य की रणनीतियों पर चर्चा की जाएगी।
यह दौरा न केवल योजनाओं के जमीनी हालात को समझने का एक अवसर है, बल्कि इससे लाभार्थियों को सीधे केंद्र सरकार के साथ संवाद स्थापित करने का मौका भी मिलेगा।
कमलेश पासवान 25 मई को प्रातः 8 बजे डलहौजी से धर्मशाला (जिला कांगड़ा) के लिए प्रस्थान करेंगे। मंत्री का यह दौरा जिला के विकास कार्यों में नई ऊर्जा और दिशा प्रदान करने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।