छिंज मेला समोट में विधानसभा अध्यक्ष ने किया खेल मैदान का लोकार्पण, सामाजिक एकता में मेलों की भूमिका को बताया अहम

भटीयात/ चुवाडी़ 6 जून बबलू पठानिया
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने समोट में आयोजित छिंज मेला कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने 5 लाख रुपये की लागत से निर्मित खेल मैदान का लोकार्पण किया और इसे भविष्य में और अधिक विकसित करने का आश्वासन भी दिया। उन्होंने कहा कि खेल मैदान के विस्तार हेतु प्राक्कलन तैयार कर धनराशि की व्यवस्था की जाएगी।मेला आयोजन समिति की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने अपनी ऐच्छिक निधि से समिति को 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के पारंपरिक मेले, उत्सव एवं सांस्कृतिक आयोजन न केवल स्थानीय लोक संस्कृति के संरक्षण और संवर्धन में सहायक हैं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सद्भाव को भी मजबूत करते हैं।

विधानसभा अध्यक्ष ने युवाओं से ऐसे आयोजनों से प्रेरणा लेकर अपने शारीरिक स्वास्थ्य और परंपरागत खेलों की ओर रुचि बढ़ाने की अपील की। उन्होंने मंच पर हो रहे कुश्ती मुकाबलों का आनंद भी लिया और विजेताओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने जनसुनवाई भी की और कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया। आयोजन समिति ने उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं सम्मान किया।

इस अवसर पर राज्य वन निगम के निदेशक मंडल सदस्य चेला कृष्ण चंद, एसडीएम पारस अग्रवाल, डीएसपी योगराज, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर सहित अनेक स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
