राजकीय उच्च पाठशाला गुराड़ में चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

चम्बा 5 जून 07 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
राजकीय उच्च पाठशाला गुराड़ में 5 जून को चाइल्ड हेल्पलाइन चंबा द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में छात्रों, अध्यापकों और स्कूल स्टाफ ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 और उससे मिलने वाली सेवाओं के प्रति जागरूक करना था।
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के सुपरवाइजर विक्की और केस वर्कर लविंदर कुमार ने बच्चों को 1098 टोल फ्री नंबर के माध्यम से अनाथ, अर्ध-अनाथ, शोषित, बाल-मजदूरी से ग्रसित, बाल विवाह पीड़ित, नशा प्रभावित व अन्य संकट में फंसे बच्चों को मिलने वाली सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी। इसके साथ ही पोक्सो अधिनियम की जानकारी दी गई और बताया गया कि नाबालिग बच्चों के साथ किसी भी प्रकार की छेड़छाड़ या फुसलाने की घटनाओं को नजरअंदाज न करें।

कार्यक्रम में बाल तस्करी, नशे की लत, सोशल मीडिया के खतरे, साइबर ब्लैकमेलिंग जैसे मुद्दों पर गंभीर चर्चा की गई। बच्चों को सुरक्षित और असुरक्षित स्पर्श का अंतर समझाया गया और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह दी गई।
इसके अलावा बाल विवाह जैसी सामाजिक बुराई के खिलाफ बच्चों को जागरूक किया गया। साथ ही, पर्यावरण संरक्षण के प्रति भी जागरूकता फैलाई गई और बच्चों को पौधारोपण एवं पौधों की देखभाल के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में कार्यकारी मुख्याध्यापक व टीजीटी मेडिकल हेम सिंह ठाकुर, टीजीटी आर्ट्स आरती व बेबी, शास्त्री राजेंद्र सिंह, आर्ट एंड क्राफ्ट अध्यापक राकेश ठाकुर, टीजीटी हिंदी मीनाक्षी शर्मा व मीना कुमारी सहित लगभग 60 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
