प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन को लेकर सरकार प्रतिबद्ध:- कुलदीप सिंह पठानिया

चंबा, 7 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की पारंपरिक लोक-कला और संस्कृति राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इसके संरक्षण और संवर्धन के लिए प्रतिबद्ध है और निरंतर कार्य कर रही है। वे आज उपमंडल चुवाड़ी की ग्राम पंचायत समोट के हार गांव में आयोजित छिंज मेले में बतौर मुख्य अतिथि बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि पारंपरिक मेले और उत्सव सांस्कृतिक धरोहर को सहेजने के साथ युवाओं को खेलों के प्रति आकर्षित करने और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर बहुआयामी गतिविधियों में भाग लेने और समाज में आदर्श बनने की प्रेरणा दी।

विधानसभा अध्यक्ष ने भटियात क्षेत्र में चल रही विकास योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवन समोट पर 21 करोड़ रुपये व्यय किए जा रहे हैं और इसे आदर्श स्वास्थ्य संस्थान के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त जल शक्ति विभाग द्वारा समोट क्षेत्र में पेयजल, सिंचाई और मल निकासी परियोजनाओं पर 68 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
उन्होंने हार गांव के लोगों की विभिन्न मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया और अपनी ऐच्छिक निधि से छिंज मेला आयोजन समिति को 31 हजार रुपये देने की घोषणा की। मेला समिति ने उन्हें सम्मानित भी किया।

कार्यक्रम में सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम कृष्ण चंद चेला, एसडीएम पारस अग्रवाल, डीएसपी योगराज व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में लोगों ने रोचक कुश्ती मुकाबलों और मेले का आनंद लिया।