विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने चंबा के 400 मेधावी विद्यार्थियों को किया सम्मानित

चंबा, 8 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
जिला चंबा मुख्यालय में आयोजित एक भव्य सम्मान समारोह में विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने जिला के 400 मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया। यह कार्यक्रम एक निजी मीडिया संस्था द्वारा आयोजित किया गया, जिसमें बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले के लगभग 140 स्कूलों के छात्र-छात्राएं और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।

विधानसभा अध्यक्ष ने अपने संबोधन में कहा कि स्थायी सफलता केवल निरंतर परिश्रम से प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने और असफलताओं से विचलित न होने का आह्वान किया। साथ ही, उन्होंने छात्रों को नशे से दूर रहने और समाज में नशामुक्त वातावरण को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक सुधार तथा गरीब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा में अवसर प्रदान करने के लिए लगातार प्रयासरत है।

इस अवसर पर उन्होंने मीडिया संस्था की सराहना करते हुए उसे अपनी ओर से ₹1,01,000 देने की घोषणा भी की। कार्यक्रम में विधायक नीरज नैयर, उपायुक्त मुकेश रेपसवाल, पुलिस अधीक्षक अभिषेक यादव सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करना था, बल्कि शिक्षा के प्रति सकारात्मक वातावरण तैयार करना भी था।
