नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर से ग्रामीणों को मिला लाभ, योग मानव विकास ट्रस्ट बनीखेत का सराहनीय प्रयास

नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर से ग्रामीणों को मिला लाभ, योग मानव विकास ट्रस्ट बनीखेत का सराहनीय प्रयास

डलहौजी/ चम्बा, 8 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)

ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने की दिशा में योग मानव विकास ट्रस्ट बनीखेत द्वारा एक सराहनीय पहल करते हुए बीते रविवार को ग्राम पंचायत बाथरी में एक नि:शुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों में दंत स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और प्रारंभिक स्तर पर उपचार प्रदान करना था।इस एक दिवसीय शिविर में डॉ. पंकेश ठाकुर (BDS) द्वारा लगभग 25 लोगों के दांतों की जांच की गई। उन्होंने रोगियों को उनके दंत स्वास्थ्य से संबंधित समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी और आवश्यक उपचार हेतु सुझाव भी दिए।

ग्रामीणों ने शिविर को उपयोगी बताते हुए ट्रस्ट की इस पहल की सराहना की।शिविर के दौरान योग मानव विकास ट्रस्ट के ट्रस्टी श्री कुलदीप सिंह और कार्यक्रम समन्वयक श्री रणवीर सिंह समेत अन्य स्थानीय गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि ट्रस्ट समय-समय पर इस प्रकार के नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करता है, जिससे दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोग भी आवश्यक चिकित्सा सेवाएं प्राप्त कर सकें।उन्होंने यह भी कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना ही नहीं, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देना भी है। आने वाले समय में ट्रस्ट द्वारा अन्य ग्राम पंचायतों में भी इस तरह के शिविर आयोजित किए जाएंगे।

यह शिविर स्थानीय समुदाय के लिए न केवल स्वास्थ्य लाभ का माध्यम बना, बल्कि एक जागरूकता अभियान के रूप में भी कार्य किया। आयोजकों ने भविष्य में और अधिक व्यापक स्तर पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की प्रतिबद्धता जताई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!