नशे के खिलाफ अभियान में एएनटीएफ कांगड़ा को मिली बड़ी सफलता, 1 किलो 103 ग्राम चरस के साथ युवक गिरफ्तार

चंबा, 9 जून मुकेश कुमार (गोल्डी)
प्रदेश में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को आज एक और बड़ी सफलता मिली जब एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) कांगड़ा की टीम ने जिला चंबा के बघेती क्षेत्र में एक युवक को 1 किलो 103 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया।गोपनीय सूचना के आधार पर इंस्पेक्टर शीशपाल, हेड कांस्टेबल हेमराज, हेड कांस्टेबल हेमराज-71 और कांस्टेबल सुमित कुमार ने बघेती के रेनशेल्टर के पास नाकाबंदी की। इसी दौरान सुल्तानपुर की ओर से आ रही एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (HP48B-4325) को रोका गया। मोटरसाइकिल चला रहा युवक पुलिस को देखकर घबरा गया और तलाशी से बचने की कोशिश करने लगा। लेकिन टास्क फोर्स की टीम ने तत्परता दिखाते हुए जब सख्ती बरती तो युवक की तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 103 ग्राम चरस बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम कुमार महाजन पुत्र स्व. विजय कुमार महाजन, निवासी गांव ओल्ली, डाकघर कुपाड़ा, तहसील व जिला चंबा, उम्र 35 वर्ष के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ मादक द्रव्य अधिनियम की धारा 20, 61-85 के तहत पुलिस थाना सदर चंबा में मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।इस सफलता की पुष्टि एएनटीएफ कांगड़ा के एसीपी राजेंद्र जसवाल ने की है। उन्होंने बताया कि नशे के विरुद्ध चलाया जा रहा अभियान भविष्य में भी जारी रहेगा। साथ ही उन्होंने जिला वासियों से अपील की कि वे नशा विरोधी अभियान में पुलिस का सहयोग करें ताकि समाज को इस अभिशाप से मुक्त किया जा सके।